प्रियंका गांधी ने अमेठी को बताया अपना घर और परिवार, स्मृति ईरानी पर भी कसा तंज

अमेठी
आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का शंखनाद करने के उद्देश्य से सभी राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारक मैदान में उतर आए हैं। एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूरे देश में चुनाव प्रचार कर रहे हैं तो वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश का जिम्मा सौंपा गया है। इसी के चलते प्रियंका गांधी एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचीं।
यहां प्रियंका गांधी वाड्रा ने बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग बस चुनाव लड़ने के लिए अमेठी आते हैं और 4 घंटे में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि अमेठी हमारा घर और परिवार है। साथ ही प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस बार उन्हें पूरे देश में प्रचार के लिए जाना है, इसलिए वो अमेठी में ज्यादा वक्त नहीं दे पाएंगी।
इससे पहले प्रियंका का चुनावी काफिला लखनऊ से अमेठी पहुंचा। यहां से उन्होंने कैंसर से पीड़ित इन्हौना कस्बा निवासी प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य मो. लतीफ के घर पहुंचकर उनका हाल जाना। इसके बाद वह जगदीशपुर पहुंची और कमरौली के रोड नंबर एक पर वाहन से उतरकर पैदल रोड शो किया। बता दें कि,रात 8 बजे वह रात्रि विश्राम के लिए भुएमऊ गेस्ट हाउस, रायबरेली के लिए रवाना हो जाएंगी। अगले दिन गुरुवार को इसी गेस्ट हाउस में दिनभर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी।
शुक्रवार सुबह 9:30 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस से कुमारगंज होते हुए फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र का भ्रमण करेंगी। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। शाम 7 बजे वह फैजाबाद से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। जहां से रात 9:50 बजे दिल्ली चली जाएंगी।