प्रियंका ने 'भारत' में रोल पाने के लिए अर्पिता को किया था 1000 बार कॉल
प्रियंका चोपड़ा काफी लंबे समय बाद बॉलिवुड में सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'भारत' से कमबैक करने वाली थीं। हालांकि, ऐन वक्त पर उन्होंने प्रॉजेक्ट छोड़ दिया। बताया जा रहा था कि निक जोनस से शादी की प्लानिंग के कारण उन्होंने इस फिल्म से वॉकआउट किया था। प्रियंका के फिल्म छोड़ने के बाद ऐसी भी अफवाह सामने आई थी कि ऐक्ट्रेस के इस कदम से सलमान खान बिल्कुल भी खुश नहीं हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान ने फिल्म 'भारत' और प्रियंका चोपड़ा को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका इस प्रॉजेक्ट का हिस्सा बनने को बेकरार थीं। यहां तक कि उन्होंने फिल्म में रोल पाने के लिए उनकी बहन अर्पिता को हजार बार कॉल किया था।
सलमान ने आगे कहा कि प्रियंका को फिल्म के लिए 75-80 दिनों तक शूटिंग करनी थी। उन्होंने ऐक्ट्रेस की खातिर शेड्यूल को अजस्ट करने की भी बात कही थी, लेकिन प्रियंका फिल्म छोड़ने की बात पर अड़ी रहीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने कहा कि इस फैसले के कारण प्रॉजेक्ट अटक गया। अगर उन्हें इस बारे में पहले पता होता तो वह पहले से ही कुछ और तैयारी कर लेते। फिल्म छोड़ने को लेकर प्रियंका से हुई बातचीत के बारे में सलमान ने बताया कि उन्होंने उनसे पूछा था कि आखिर सगाई के कारण फिल्म छोड़ने की क्या जरूरत है? जिस पर प्रियंका ने जवाब दिया था कि वह शादी करना चाहती हैं। इसके बाद सलमान ने कुछ नहीं कहा।
सलमान खान अभी भी नहीं जानते कि आखिर प्रियंका की फिल्म छोड़ने की असली वजह क्या है। हालांकि, वह प्रियंका की सगाई और नए जीवन के लिए खुश हैं।

bhavtarini.com@gmail.com 
