प्रेमी को कमरे पर बुलाकर प्रेमिका ने उड़ेल दिया तेजाब, मौत
आगरा।
मोहब्बत की नगरी कहे जाने वाले आगरा में एक प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी पर तेजाब उड़ेल दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे पहले ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर युवक के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज करा लिए थे। पुलिस के मुताबिक, युवक का दो बच्चों की मां से प्रेम संबंध था। युवक की शादी किसी और लड़की से तय हो गई थी, जिससे खफा प्रेमिका ने उसपर तेजाब से हमला कर दिया। प्रेमिका भी झुलस गई है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्या है पूरा मामला ? मामला हरीपर्वत क्षेत्र के शास्त्री नगर का है। मूलरूप से कासगंज के सहावर स्थित बहापुर निवासी देवेंद्र राजपूत हरीपर्वत क्षेत्र स्थित डॉक्टर लाल पैथ लैब पर सहायक के पद पर कार्यरत था।
वहीं, औरैया के भागूपुर निवासी सोनम पांडेय सिकंदरा बाईपास स्थित सिनर्जी प्लस अस्पताल में नर्स है। सोनम शास्त्री नगर स्थित सुरेश चंद के मकान में किराए पर रह रही थी। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे सोनम के कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी। इस पर मकान मालिक पत्नी कमलेश मौके पर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि देवेंद्र झुलसी हुई हालत जमीन पर पड़ा चीख रहा था। सोनम के भी हाथ-पैर झुलस गए थे। देवेंद्र की अस्पताल में मौत झुलसी हुई हालत में ही देवेंद्र ने अपने दोस्तों को फोन किया। दोस्त उसे देहली गेट स्थित अस्पताल ले गए। उधर, मकान मालिक सोनम को पहले एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, फिर सिकंदरा के अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और देवेंद्र के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराए। इसके आधे घंटे बाद ही करीब ढाई बजे देवेंद्र की अस्पताल में ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, सोनम और देवेंद्र के बीच प्रेम संबंध थे। देवेंद्र सोनम से मिलने अक्सर उसके कमरे पर आता था। सोनम आठ साल से पति से अलग रह रही थी। उसके दो बच्चे हैं। देवेंद्र की मां की तहरीर पर पुलिस ने सोनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि मामला प्रेम संबंध का है। युवती पर तेजाब डालने का आरोप है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर पहले तेजाब से झुलसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसे हत्या में तरमीम किया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com

