बीजद की केंद्र में सरकार गठन में अहम भूमिका:नवीन पटनायक
![बीजद की केंद्र में सरकार गठन में अहम भूमिका:नवीन पटनायक](https://bhavtarini.com/uploads/images/2019/03/naveen_patnayak.jpg)
नयागढ़
बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि इस बार किसी भी राजनीतिक पार्टी को सरकार बनाने के लिए भारी बहुमत नहीं मिलेगा और उनकी पार्टी केंद्र में सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से हमेशा समान दूरी बनाए रखने का दावा करने वाले पटनायक ने रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 21 लोक सभा सीटें जीतेगी तथा केंद्र में सरकार के गठन में अहम भूमिका अदा करेगी।
वर्ष 2014 की मोदी लहर के बीच हुए चुनाव में भी बीजद ने 21 में से 20 संसदीय सीटें जीतीं थीं जबकि भाजपा के खाते में एकमात्र सीट गई थी। बीजद प्रमुख ने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए ओडिशा को लेकर केंद्र के उदासीन रवैये की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि ओडिशा केंद्र की लापरवाही का शिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ओडिशा को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने इसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उनकी पार्टी राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने का संघर्ष जारी रखेगी।