बैंक घोटाले में संदेसरा बंधुओं ने नीरव मोदी को पीछे छोड़ा

बैंक घोटाले में संदेसरा बंधुओं ने नीरव मोदी को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली
भारतीय इतिहास के बैंक घोटालों में संदेसरा बंधुओं ने पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने दावा किया है कि स्टर्लिंग बायोटेक समूह (एसबीएल) के मुख्य प्रमोटर संदेसरा बंधुओं ने बैंकों से 14,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। यह राशि पीएनबी घोटाले से 3100 करोड़ अधिक है।

ईडी सूत्रों ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि नितिन संदेसरा, चेतन संदेसरा और दीप्ति ने सरकारी क्षेत्र के कई बैंकों के साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि अक्तूबर 2017 में सीबीआई की ओर से मामला दर्ज करने के बाद ईडी ने भी जांच शुरू की। सीबीआई ने कंपनी और उसके प्रमोटरों द्वारा बैंक से 5,383 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के सिलसिले में मामला दर्ज किया था।
 
जांच में खुलासा हुआ कि संदेसरा ने देश में ही नहीं विदेशों में भारतीय बैंकों को चूना लगाया है। सूत्रों ने बताया कि संदेसरा की विदेश स्थित कंपनियों ने भारतीय बैंकों के विदेशी शाखाओं से करीब 9000 करोड़ रुपये का ऋण लिया। अधिकारियों ने बताया कि एसबीएल समूह को भारतीय और विदेशी मुद्रा में यह राशि मिली।

ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि संदेसरा बंधुओ को जिस काम के लिए कर्ज मिला था उसमे इस राशि का इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने घरेलू ,ऑफशोर और फर्जी फर्म के जरिये कर्ज में मिले पैसे की लांड्रिंग की। संदेसरा ने इस राशि का इस्तेमाल नाइजीरिया में अपने तेल कारोबारा को बढ़ाने और निजी जरूरतों के लिए किया।

सूत्रों ने बताया कि संदेसरा की कपंनी को पांच बैंकों आंध्रा बैंक, यूको बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक और बैंक ऑफ इंडिया की संयुक्त कंसोर्टियम ने कर्ज देने को मंजूरी दी थी।

सूत्रों ने बताया कि संदेसरा की कपंनी को पांच बैंकों आंध्रा बैंक, यूको बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक और बैंक ऑफ इंडिया की संयुक्त कंसोर्टियम ने कर्ज देने को मंजूरी दी थी।
 
प्रवर्तन निदेशालय ने 27 जून को एसबीएल समूह/ संदेसरा समूह की 9,778 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। इनमें तेल क्षेत्र ओएमएल 143 (नाइजीरिया), चार समुद्री जहाज तुलजा भवानी, वरिंदा, भव्या, ब्रह्मनी शामिल है। ये जहाज अटलांटिक ब्लू वाटर सर्विसेज के नाम से पनामा में पंजीकृत हैं। इसके अलावा अमेरिका में पंजीकृत हवाई जहाज और लंदन स्थित फ्लैट को भी जब्त किया गया है।