मुंबई टीम में अर्जुन तेंडुलकर नहीं हुए सिलेक्ट

मुंबई टीम में अर्जुन तेंडुलकर नहीं हुए सिलेक्ट

मुंबई
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2021 सत्र के लिए ऑक्शन 18 फरवरी को चेन्नै में होना है। भारतीय दिग्गज खिलाड़ी और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर (Arjun Tendulkar) इस लीग में बतौर खिलाड़ी पहली बार हिस्सा लेने को तैयार हैं। उन्होंने IPL 2021 के लिए ऑक्शन में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया है। हालांकि, इससे ठीक पहले उन्हें एक बड़ा झटका लगा है।

दरअसल, विजय हजारे ट्रोफी के लिए मुंबई टीम की घोषणा हुई और इस टीम में अर्जुन तेंडुलकर शामिल नहीं हैं। भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर 20 फरवरी से होने वाले टूर्नमेंट में मुंबई की कमान संभालेंगे, जबकि पृथ्वी साव टीम के उपकप्तान होंगे। बता दें कि सैयद मुश्ताक अली ट्रोफी के लिए अर्जुन को मुंबई टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने हरियाणा के खिलाफ डेब्यू भी किया था। हालांकि, वह कुछ खास नहीं कर पाए थे और एक विकेट ही ले सके थे।

दूसरी ओर, भारत के घरेलू क्रिकेट टूर्नमेंट विजय हजारे ट्रोफी का आयोजन 20 फरवरी से 14 मार्च तक देश के छह शहरों सूरत, इंदौर, बेंगलुरु, जयपुर, कोलकाता और चेन्नै में आयोजित किया जाएगा। मुंबई की 22 सदस्यीय टीम में यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और तुषार देशपांडे भी शामिल हैं। मुंबई दिल्ली, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पुड्डुचेरी के साथ एलीट ग्रुप डी में है और इस ग्रुप के मुकाबले जयपुर में होंगे।