रणवीर सिंह-आलिया भट्ट की गली बॉय बनेगी साल की सबसे बड़ी ओपनर?

रणवीर सिंह-आलिया भट्ट की गली बॉय बनेगी साल की सबसे बड़ी ओपनर?

 
नई दिल्ली     

सिंबा के बाद एक बार फिर रणवीर सिंह दर्शकों के बीच अपनी फिल्म गली बॉय से लौट रहे हैं. ये फिल्म 14 फरवरी को रिलीज होगी. उनके साथ आलिया भट्ट भी नजर आएंगी. इस फिल्म से निर्माताओं के साथ-साथ दर्शकों को भी बड़ी उम्मीद है. यदि सब ठीक रहा तो 2019 में अब तक रिलीज हुई फिल्मों में गली बॉय सबसे बड़ी ओपनर बन सकती है. अभी ये रिकॉर्ड कंगना रनौत की फिल्म मणिकर्णिका के नाम है. 25 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 8.75 करोड़ रुपए कमाए थे. पहले हफ्ते में फिल्म ने 42.55 करोड़ कमाए थे.

जोया अख्तर के निर्देशन में बनी गली बॉय अपने तरह की अनोखी फिल्म बताई जा रही है. ये स्ट्रीट रैपर्स पर आधारित है. फिल्म का म्यूजिक पहले ही काफी हिट रहा है. इसका गाना आपना टाइम आएगा काफी लोकप्रिय हो रहा है. इन सबको देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म आसानी से बड़ी कमाई कर लेगी. इस फिल्म का जर्मनी के प्रतिष्ठित बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ है. पहला शो 9 फरवरी को था और इस फेस्टिवल को अटेंड करने वाले कई लोगों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर प्रतिक्रियाएं जाहिर की हैं.