लोकसभा चुनाव: आडवाणी, जोशी का कटेगा टिकट?, बीजेपी की पहली लिस्ट के 250 नाम फाइनल

लोकसभा चुनाव: आडवाणी, जोशी का कटेगा टिकट?, बीजेपी की पहली लिस्ट के 250 नाम फाइनल

 
नई दिल्ली 

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पहली लिस्ट का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। खबर है कि सत्ताधारी पार्टी ने करीब 250 नाम फाइनल कर लिए हैं। इस लिस्ट में कई नामों का शामिल होना चौंका सकता है वहीं कई का न होना हैरान भी करेगा। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की संसदीय कमिटी द्वारा तैयार की गई लिस्ट में कई दिग्गजों का टिकट कटना तय है। ऐसे में सबके सामने सवाल है कि लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी इसबार चुनाव लड़ेंगे या नहीं। 
 
सीनियर नेताओं ने खुद वापस लिया नाम 
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के पूर्व सीएम बी सी खंडूरी और बी एस कोश्यारी ने खुद से चुनाव नहीं लड़ने का मन बनाया है। दोनों नेता चाहते हैं कि युवाओं को मौका दिया जाए। पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र (2014 में देवरिया से जीते) और पूर्व डेप्युटी स्पीकर करिया मुंडा भी चुनाव नहीं लड़ने के पक्ष में है। 

इससे इस बात की संभावनाएं बढ़ गई हैं कि लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के सीएम शांता कुमार को भी चुनावी दौड़ से बाहर कर दिया जाए या वे खुद अपना नाम आगे न बढ़ाएं। बता दें कि अडवाणी फिलहाल 91 साल के है और मुरली मनोहर जोशी के साथ उन्हें भी पार्टी नेतृत्व ने 2014 में ही मार्ग दर्शन मंडल में शामिल कर दिया था। तब बीजेपी ने संघ परिवार के साथ मिलकर तय किया था कि 75 साल से ऊपर के किसी शख्स को कार्यकारी जिम्मेदारियां नहीं दी जाएंगी। 

आजादी के बाद भारत अप्रैल 2019 में अपने 17वें लोकसभा चुनाव का गवाह बनेगा। पिछले 16 आम चुनावों में देश और चुनाव के तरीकों में बहुत कुछ बदलाव आए हैं। अबतक हुए चुनावों से जुड़ी 10 रोचक जानकारी यहां दी जा रही हैं।