लोकसभा में हंगामे से भड़कीं सुमित्रा महाजन, कहा- 'हम स्कूली बच्चों से भी गए-गुजरे हैं'

लोकसभा में हंगामे से भड़कीं सुमित्रा महाजन, कहा- 'हम स्कूली बच्चों से भी गए-गुजरे हैं'

नई दिल्ली
संसद के शीतकालीन सत्र में पांच दिनों से विभिन्न मुद्दों पर चले आ रहे हंगामे से नाराज लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मंगलवार को सदस्यों से कहा कि क्या हम ‘स्कूली बच्चों से भी गए-गुजरे’ हो गए हैं। सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे शुरू होने पर बीजेपी, कांग्रेस, एआईएडीएमके, टीडीपी सदस्य अपने अपने मुद्दों को लेकर शोर शराबा कर रहे थे। 


कांग्रेस, एआईएडीएमके, टीडीपी सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी कर रहे थे। इस पर सुमित्रा ने कहा कि मैं समझ सकती हूं कि यह वर्तमान लोकसभा का आखिरी पूर्ण सत्र है और आप लोगों के अपने अपने मुद्दे हैं। संसद चर्चा के लिए है और सरकार चर्चा के लिए तैयार है। शोरगुल का यह सही तरीका नहीं है। 

उन्होंने कहा कि अगर आपके मुद्दे हैं तो मैं खुद सरकार से कहूंगी कि चर्चा कराई जाए। लोकसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से कहा कि विदेश के शिष्टमंडल आते हैं और लोग पूछते हैं कि आपके यहां क्या हो रहा है। स्कूली बच्चों के संदेश आ रहे हैं कि हमारे स्कूल बेहतर चलते हैं। उन्होंने कहा, ‘क्या अब हम स्कूली बच्चों से भी गए-गुजरे हो गए हैं?’ 

राफेल मामले पर कांग्रेस की जेपीसी बनाने की मांग पर सुमित्रा ने कहा कि जेपीसी मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। इस बीच, सदन में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राफेल मामले पर जेपीसी के गठन की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार को यह मांग स्वीकार करनी चाहिए और जेपीसी के समक्ष उच्चततम न्यायालय में उल्लेखित कैग रिपोर्ट आनी चाहिए और विमान के मूल्य तथा दूसरे दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए।