वाहन शुल्कों पर यूरोपीय संघ की अमरीका को कड़ी चेतावनी

यूरोपीय संघ (ई.यू.) ने अमरीका को वाहनों पर भारी शुल्क लगाने की धमकी को लेकर आगाह किया है। ई.यू. ने कहा है कि यदि अमरीका ऐसा करता है तो इस पर जवाबी कदम उठाया जाएगा तथा इससे अमरीका की अर्थव्यवस्था को भारी नुक्सान पहुंचेगा। शुक्रवार को अमरीकी अधिकारियों को लिखे पत्र में कड़ी चेतावनी दी गई है। वहीं अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि व्यापार को लेकर यूरोप भी संभवत: चीन जितना ही बुरा है।

जैसे को तैसा की तर्ज पर यूरोपीय संघ ने अमेरिका में बनी जींस और हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर शुल्क लगाया है। अमेरिका ने यूरोपीय कारों के आयात पर भी 20 प्रतिशत का शुल्क लगाने की चेतावनी दी है। यह चेतावनी विवादों के घेरे में रही राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को लेकर दी गई है। इसकी पुष्टि भी आगामी महीनों में हो सकती है।

ट्रंप ने कहा , ‘‘वे हमारे यहां मर्सिडीज भेजते हैं, लेकिन हम अपनी कारें नहीं भेज सकते। देखें वे हमारे किसानों के साथ क्या करते हैं। वे हमारे कृषि उत्पाद नहीं चाहते। उनके भी अपने किसान हैं। हम अपने किसानों को संरक्षण नहीं देते, वे अपने किसानों को देते हैं। यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकनर जुलाई के अंत तक अमेरिका जाएंगे जिससे व्यापार विवादों को सुलझाया जा सके।