सूबे में सबसे गर्म शहर रहा आगरा, बारिश की फुहार से भी नहीं मिली राहत

सूबे में सबसे गर्म शहर रहा आगरा, बारिश की फुहार से भी नहीं मिली राहत

आगरा
आगरा में शुक्रवार को पारा सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा 31.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में आगरा सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद अलीगढ़ और झांसी गर्म शहर रहे।

हालांकि शाम चार बजे बादल घिर आए और कुछ देर के लिए राहत की फुहारें बरसीं, लेकिन उसके बाद फिर से धूप निकल आई और उमस ने हाल बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार नहीं रहेंगे और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा।

शुक्रवार सुबह से ही उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। लोगों की मुसीबत बिजली की कटौती ने और बढ़ा दी। मेंटेनेंस के नाम पर हो रही कटौती से लोग परेशान हो गए। अपराह्न चार बजे के बाद मौसम में बदलाव आया।

बादल घिर आए और तेज हवा चली, लेकिन महज 1.2 मिमी बारिश ही हो पाई जो दहकती हुई मिट्टी की गर्मी शांत नहीं कर सकी। इसके बाद उमस में और ज्यादा बढ़ोतरी हुई और शाम को भी लोग परेशान रहे। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा 31.3 डिग्री दर्ज किया गया।

लगातार तीन दिनों से न केवल दिन, बल्कि रात का पारा भी पूरे प्रदेश में आगरा में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में तापमान में कोई इजाफा नहीं होगा, हालांकि उमस में बढ़ोतरी के आसार हैं। आगरा को बारिश के लिए अगले सप्ताह तक इंतजार करना होगा।