हरियाणा: आजाद हिंद फौज की बुजुर्ग सदस्‍य को बहू ने पीटा, अरेस्‍ट

हरियाणा: आजाद हिंद फौज की बुजुर्ग सदस्‍य को बहू ने पीटा, अरेस्‍ट

महेंद्रगढ़
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में एक बुजुर्ग महिला की पिटाई का विडियो वायरल हो गया है। विडियो में महिला की बहू उनकी पिटाई करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग सास नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज की सदस्‍य रही हैं। विडियो वायरल होने के बाद हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मामले में दखल दिया। आरोपी बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अरेस्‍ट कर लिया गया है।


रिषि बागरी नाम के ट्विटर यूजर ने बुजुर्ग सास की पिटाई के विडियो को सीएम खट्टर को टैग कर ट्वीट किया। बागरी ने लिखा, 'यह विडियो क्लिप हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के निवाज नगर गांव का है। इसे पड़ोसियों ने बनाया है। यह बुजुर्ग महिला आजाद हिंद फौज की सदस्‍य रही हैं और करीब 30 हजार रुपये पेंशन पाती हैं। उनकी बहू अक्‍सर उनकी पिटाई करती हैं। कृपया मदद कीजिए।'

70 हजार से ज्‍यादा लोग देख चुके हैं विडियो
देखते ही देखते उनका यह विडियो वायरल हो गया। अब तक 70 हजार से ज्‍यादा लोग इसे देख चुके हैं जबकि 4,553 लोगों ने इस ट्वीट को रीट्वीट किया है। इस पर करीब 600 कॉमेंट आ चुके हैं। बागरी ने बताया कि इस विडियो को पड़ोस में रहने वाली एक किशोरी ने रिकॉर्ड किया था। स्‍थानीय लोग आरोपी बहू के बारे में कुछ भी कहने से डरते हैं क्‍योंकि उसका पति हरियाणा पुलिस में हैं।

इस बीच विडियो वायरल होने के बाद राज्‍य के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मामले में खुद संज्ञान लिया। आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सीएम खट्टर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्‍होंने लिखा, 'यह दुखद और निंदनीय है। सभ्‍य समाज में इस तरह के व्‍यवहार को सहन नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में मामला दर्ज करके आरोपी को अरेस्‍ट कर लिया गया है।'