हॉरर किलिंग ! घर के एक कमरे में फंदे से झूलती मिली प्रेमी जोड़े की लाश 

जहानाबाद। 
 
बिहार के एक हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां के जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोसी गांव में बुधवार की सुबह दोहरे हत्याकांड की सूचना से पूरे जिले में सनसनी मच गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शत्रुघ्न सिंह के घर से उसकी बेटी आयुषी कुमारी और गांव के ही रामायण सिंह के बेटे प्रकाश कुमार की लाश बरामद की है।

दोनों एक कमरे में फांसी के फंदे से झूलते मिले हैं। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है। एसपी मनीष कुमार और एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। इस मामले में गांव के लोग भी अभी कुछ बताने से इनकार कर रहे हैं। मृतका का छोटा भाई शिवम ने बताया कि बुधवार की सुबह जब वह जगा तो देखा कि उसके घर का एक कमरा अंदर से बंद था। जब आवाज देने के बाद भी कमरा नहीं खुला तो उसने अपने चचेरे भाई को इसकी जानकारी दी। जब धक्का देकर दरवाजा खोला गया तो देखा कि दोनों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए मिले।


लड़की और लड़के के शरीर पर जख्म के भी निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि पहले उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे से लटका दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच करेगी। इधर, लड़के के चाचा रामाधीर सिंह का आरोप है कि पहले उसके भतीजे की हत्या कर दी गई है। उसके बाद उसे फंदे से लटका दिया गया है।