कोरोना का कहर: दो महीने में 28 फीसदी घट गई मुकेश अंबानी की संपत्ति

कोरोना का कहर: दो महीने में 28 फीसदी घट गई मुकेश अंबानी की संपत्ति

मुंबई
कोरोना की वजह से देश का आम आदमी तो तबाह हो ही रहा है. बड़े-बड़े कारोबारी दिग्गजों को भी इसकी वजह से भारी नुकसान हुआ है. कोरोना की वजह से ही भारत के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की संपत्ति (नेटवर्थ) में पिछले दो माह में 28 फीसदी की भारी कमी दर्ज की गई है. हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में यह जानकारी दी गई है. यही नहीं, गौतम अडानी, शिव नाडर और उदय कोटक कोरोना की वजह से ही दुनिया के टॉप 100 अमीरों की सूची से बाहर हो गए हैं.

इस लिस्ट के मुताबिक, अंबानी की नेटवर्थ 30 करोड़ डॉलर प्रति दिन घटकर 31 मार्च को 48 अरब डॉलर रह गई है. इस तरह रुपये में अगर देखें तो उनकी संपत्ति करीब 1.44 लाख करोड़ घट चुकी है और अब यह 3.65 लाख करोड़ रुपये रह गई है. अंबानी के अलावा गौतम अडानी, शिव नाडर और उदय कोटक की संपत्ति में भी जबरदस्त कमी दर्ज की गई है.

 अंबानी की संपत्ति में कमी की बड़ी वजह शेयर बाजारों में जबरदस्त गिरावट है. हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर की संपत्ति में फरवरी-मार्च की अवधि में ही 19 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई. इस वजह से वह दुनियाभर की अमीर शख्सियतों की सूची में आठ स्थान फिसलकर 17वें पायदान पर पहुंच गए हैं.