पुलिस स्मृति दिवस: वीरगति को प्राप्त जवानों और अफसरों को दी सलामी, किया नमन
भोपाल
प्रदेश में पिछले एक वर्ष में वीरगति को प्राप्त हुए जवानों और अफसरों को पुलिस स्मृति दिवस पर याद किया गया। वीरगति को प्राप्त जवानों और अफसरों को इस मौके पर आयोजित परेड से सलामी दी गई। इस आयोजन पर राज्यपाल आंनदी बेन सहित गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, डीजीपी विवेक जौहरी, एसीएस होम राजेश राजौरा सहित अन्य अफसर मौजूद थे।
राज्यपाल ने पुलिस को संबांधित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। कोरोना महामारी में पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। देश और प्रदेश के कई पुलिस अफसरों और जवानों ने आहूति दी। प्रदेश सरकार और समाज उनके साथ हैं। वीरगति को प्राप्त पुलिसकर्मियों और अफसरों ने समाज में शांति और सदभाव कायम रखने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। पुलिस की सक्रिय भूमिका के बिना प्रदेश का विकास संभव नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का मजबूत बनाने के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे है।
मध्यप्रदेश में इस साल कर्तव्यवेदी पर प्रदेश के सात पुलिस जवान शहीद हुए थे। इनके अतिरिक्त पुलिस के 11 अधिकारी- कर्मचारी ने भी कोरोना काल में समाज की रक्षा के लिए कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। शहीद कर्मियों में उप निरीक्षक शेर सिंह डोरिया, सहायक उउनि बसंत मिरोसे, सउनि मायाराम खरारी, आरक्षक जितेन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक दिलीप, आरक्षक सत्येन्द्र सिंह यादव और आरक्षक प्रबल प्रताप सिंह शामिल हैं।
इनके अलावा कोरोना काल में नागरिकों की रक्षा करते हुए संक्रमित होने के कारण उप पुलिस अधीक्षक प्रेम प्रकाश गौतम, एसडीओपी सुरेश शेजवाल, निरीक्षक देवेन्द्र चंद्रवंशी, निरीक्षक यशवंत पाल, सउनि आबू समन खान, प्रधान आरक्षक बाबूलाल भवेल, प्रधान आरक्षक दयाराम, आरक्षक जाफर खान, आरक्षक शिवराम देवलिया, आरक्षक विजय घोष और आरक्षक राकेश राय का निधन हुआ है। आज हुए इस आयोजन में इन सभी के परिजन भी मौजूद थे। राज्यपाल ने इनके परिजनों से भी बातचीत की।
bhavtarini.com@gmail.com 
