बीजेपी सत्ता में हते हुए क्यों हार रही है, इसपर सोचे: मुलायम सिंह

नई दिल्‍ली
मॉनसून सत्र के आज तीसरे दिन लोकसभा में अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर चर्चा के दौरान मुलायम सिंह यादव ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्‍होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार किसानों और नौजवानों की अनदेखी कर रही है. मुलायम सिंह ने कहा, 'अगर सरकार किसानों और नौजवानों के लिए कुछ काम कर दे तो भी बात बन जाए.' उन्‍होंने आगे कहा कि देश में 2 करोड़ पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार हैं और उनके लिए कुछ करना चाहिए. मुलायम सिंह ने कहा कि हमने यूपी में यह कर के दिखाया है और वहां युवाओं को नौकरी देने का काम किया.

मुलायम सिंह ने कहा कि इस बहस में किसान का नाम लेने वाला कोई नहीं है. हमें शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी पड़ेगी. अमेरिका से इस क्षेत्र में सीखने की जरूरत है. हमारे यहां का किसान मेहनती है, जमीन उपजाऊ है लेकिन इसके बाद भी किसान परेशान है. उन्होंने आगे कहा कि जातीय भेदभाव को खत्म करना पड़ेगा और पिछड़े को बारे में खास तौर से सोचने की जरूरत है. मुलायम ने कहा कि हमने उपचुनाव में तीनों सीट जीती हैं. इससे आपको सीखने की जरुरत है कि क्यों बीजेपी को सत्ता में रहते हुए भी हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि धर्म, जाति के नाम पर माहौल खराब हो रहा है. सरकार कुछ बेहतर करना चाहती है तो हम राय भी देने को तैयार हैं.

मुलायम ने तंज कसते हुए कहा कि यूपी में बीजेपी के लोग ही रो रहे हैं और अकेले में मैं आपको नाम भी गिना सकता हूं. उन्होंने कहा कि हम तो चलो विपक्ष में हैं लेकिन योगी सरकार अपनी पार्टी के लोगों की ही नहीं सुन रही है.