ब्रिटेन और रूस में कोरोना का कहर ,ईरान में पांचवीं लहर का खतरा

ब्रिटेन और रूस में कोरोना का कहर ,ईरान में पांचवीं लहर का खतरा

लंदन
 कोरोना महामारी की दो लहरों का सामना करने वाले ब्रिटेन और रूस में इस खतरनाक वायरस का कहर फिर बढ़ने लगा है। इस बार कोरोना का डेल्टा वैरिएंट कारण बन रहा है। नतीजन दोनों देशों में दैनिक मामले बढ़ते जा रहे हैं। ब्रिटेन में बीते 24 घंटे के दौरान 27 हजार 125 नए मामले पाए गए। एक दिन पहले 27 हजार 850 केस मिले थे। करीब पांच महीने बाद एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में नए संक्रमित पाए गए।

रूस में भी बढ़ा खतरा

ब्रिटेन में बीते एक हफ्ते में डेल्टा वैरिएंट के 50 हजार 824 केस बढ़ गए हैं। इस वैरिएंट के कुल मामले एक लाख 61 हजार 981 हो गए हैं। वहीं रूस में बीते 24 घंटे में 24 हजार 439 नए संक्रमित पाए गए हैं। रूस के फेडरल रिस्पांस सेंटर ने शनिवार को बताया कि देश इन मामलों में से 7,447 मास्को में मिले। इस अवधि में देशभर में 697 मरीजों की मौत हुई है।

पाकिस्तान में फिर बढ़ रहे केस

आइएएनएस के अनुसार, पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। दैनिक मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में 1,400 नए मामले पाए गए और 34 की मौत हो गई। एक दिन पहले 1,277 केस मिले थे।

ईरान में पांचवीं लहर का खतरा

समाचार एजेंसी रायटर के मुताबिक, ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार को आगाह किया कि उनके देश में महामारी की पांचवीं लहर का खतरा बढ़ गया है। क्योंकि देशभर में डेल्टा वैरिएंट फैल रहा है।