राजद नेता राजकिशोर यादव की कोरोना से मौत, पटना एम्स में चल रहा था इलाज

राजद नेता राजकिशोर यादव की कोरोना से मौत, पटना एम्स में चल रहा था इलाज

पटना   
बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। अब तक राज्य में 30 हजार के अधिक लोगों को इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इस बीच दानापुर से राजद के पूर्व प्रत्याशी और लालू प्रसाद के करीबी राजकिशोर यादव की कोरोना से मौत हो गई। राजकिशोर पटना एम्स में भर्ती थें। 

बताया जा रहा है कि राज किशोर यादव 17 तारीख को ही कोरोना संक्रमित होने के बाद एम्स में भर्ती हुए थे, जहां उनका इलाज चल रहा था। कोरोना संक्रमण से पीड़ित राजकिशोर यादव की मौत एम्स में इलाज के दौरान ही हो गई है। राज किशोर यादव लालू यादव के काफी करीबी नेताओं में से एक माने जाते रहे हैं। राजकिशोर दानापुर नगर परिषद के कई बार चेयरमैन भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं राजद ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में राजकिशोर यादव को दानापुर से अपना प्रत्याशी भी बनाया था।

भाजपा एमएलसी समेत चार की एम्स तो पांच की एनएमसीएच में हुई मौत
भाजपा विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री कोषांग के सहायक अजित कुमार सिन्हा समेत नौ लोगों की मंगलवार को कोरोना से मौत हो गई। इनमें पांच लोग पटना के रहने वाले हैं। विधान पार्षद समेत चार लोगों की पटना एम्स तथा पांच लोगों की एनएमसीएच में मौत हुई है। एम्स के कोरोना के नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद एमएलसी सुनील कुमार सिंह (66) 13 जुलाई को पटना एम्स में भर्ती कराए गए थे। दरभंगा निवासी एमएलसी को डायबिटीज समेत कई बीमारियां थी। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

तेजस्वी ने कोरोना से BJP MLC की मौत पर सरकार से पूछा ये सवाल
बिहार में कोरोना संक्रमण को लेकर नीतीश सरकार पर लगातार हमलवार की भूमिका निभा रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने एक बार फिर बिहार सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने भाजपा एमएलसी सुनील कुमार सिंह की मौत पर दुख व्यक्‍त करते हुए राज्य सरकार से सवाल किया है कि क्या अब भी सूबे में विधानसभा चुनाव होना चाहिए? 

बिहार में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 30 हजार के पार
बिहार में 730 नए संक्रमितों की पहचान की गई। इन संक्रमितों की पहचान 21 जुलाई को की गई है। इनके अलावा 772 संक्रमित 20 जुलाई और उसके पूर्व की जांच रिपोर्ट के बाद सामने आए हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30, 066 हो गई।