रेप के विरोध पर लड़की को छत से फेंका

 रेप के विरोध पर लड़की को छत से फेंका

उन्नाव
उन्नाव के एक गांव में युवती के अकेले होने पर पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करते हुए युवती भागते हुए छत पर पहुंच गई,  जहां पीछे से पहुंचे युवकने ने उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई। युवती के भाई ने पुलिस में तहरीर दी पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा। आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है।

युवती के भाई ने थाने में शिकायती पत्र दिया कि उसकी बहन घर पर अकेली थी। इसी बीच पड़ोसी युवक सूरज उसके घर में घुस आया और बहन से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करते हुए बहन छत की ओर भागी तो ऊपर पहुंचकर युवक ने उसे नीचे धक्का दे दिया। इससे उसके सिर व मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता के मुताबिक छत से फेंकने के बाद सूरज नीचे पहुंचा और गमछे से उसका गला कसने की कोशिश की मगर वह किसी तरह छूटी और शोर मचाने पर आसपास के लोग निकल आए। खुद को फंसता देख युवक भाग निकला। 

पीड़िता का कहना है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को युवती से बातचीत का वीडियो वायरल  हुआ तो पुलिस में हड़कंप मच गया। उसके बाद इंस्पेक्टर सतीश कुमार गौतम ने तहरीर के आधार पार छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास और हरिजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है।