शपथ के साथ भारत माता की जय, विपक्ष की आपत्ति पर स्पीकर ने रोका

शपथ के साथ भारत माता की जय, विपक्ष की आपत्ति पर स्पीकर ने रोका

नई दिल्ली

17वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन विपक्ष ने हंगामा किया. दरअसल, भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के नाम पर विपक्ष ने आपत्ति दर्ज कराई. इसके बाद बीजेपी सांसदों के शपथ के साथ जय हिंद, भारत माता की जय बोलने पर भी विपक्ष भड़क गया और हंगामा करने लगा.

दरअसल, मोदी सरकार 2.0 की संसदीय परीक्षा आज से शुरू हो गई है. आज 17वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू होना है, इस दौरान नए सांसदों की शपथ कराई गई. शपथ के दौरान कई सांसदों ने शपथ लेने के बाद आखिर में जय हिंद, भारत माता की जय भी बोला. जिस पर विपक्षी नेता भड़क गए और हंगामे करने लगे. हालांकि हंगामे के बाद इस पर प्रोटेम स्पीकर वीरेंद्र कुमार खटिक ने संज्ञान लिया और सांसदों को शपथ की आखिर में जय हिंद, भारत माता की जय बोलने से मना किया. वीरेंद्र कुमार खटिक ने कहा कि जो शपथ पत्र में लिखा है, केवल उसे ही पढ़ना है. इसके अलावा कुछ नहीं.

मध्य प्रदेश के खरगोन से बीजेपी के सांसद गजेंद्र उमराव सिंह पटेल के शपथ लेने के बाद जब उन्होंने भारत माता की जय बोला तो विपक्ष एकदम से हंगामा करने लगा. इसके बाद प्रोटेम स्पीकर को कहना पड़ा कि ये रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो रहा है. हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ. इसके बाद शपथ लेने के दौरान सांसदों ने सिर्फ शपथ ली लेकिन सदन के दूसरे सदस्यों ने जय हिंद, भारत माता की जय जैसे नारे लगाए.

वहीं बीजेपी सांसद बाबुल सुप्रियो और देबाश्री चौधरी ने सांसद के तौर पर शपथ ली. यह दोनों ही सांसद पश्चिम बंगाल से जीतकर आए हैं. इस दौरान सदन  में जय श्री राम के नारे गूंजते रहे.