सोलर रूफटाप के लिए 140 उपभोक्ताओं ने दिए आवेदन

सोलर रूफटाप के लिए 140 उपभोक्ताओं ने दिए आवेदन

सोलर रूफटाप लगाएं और सब्सिडी पाएं

भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने घरेलू संयोजनों पर सोलर रूफटाप लगाने के लिए निविदा के माध्यम से रेट तय कर ठेकेदारों (एजेंसियों) को कार्य आवंटित कर दिया है। इसके अंतर्गत अब तक 140 आवेदन सोलर रूफटाप प्लांट लगाने के लिए प्राप्त हो गए हैं।

खुली जगह पर सोलर पैनल लगायें जा सकते हैं

अपने घर/ग्रुप हाउसिंग सोसायटी की छत/लगी हुई खुली जगह पर सोलर पैनल लगायें जा सकते हैं। इससे बिजली पर होने वाले खर्च को बचाया जा सकता है। सोलर पैनल से बिजली 25 साल तक मिलेगी और इसके लगाने के खर्च का भुगतान 4-5 वर्षों में बराबर हो जाएगा।

20 वर्षों तक सोलर से बिजली का लाभ सतत् मिलता रहेगा

इसके बाद अगले 20 वर्षों तक सोलर से बिजली का लाभ सतत् मिलता रहेगा। इससे कार्बन फुटप्रिंट कम होगा और पर्यावरण को लाभ मिलेगा। एक कि.वा. सौर ऊर्जा के लिए लगभग 10 वर्ग मीटर की जरूरत होगी। 3 कि.वा. तक के सोलर प्लांट पर 40 प्रतिशत की सब्सिडी और 3 कि.वा. के बाद 10 कि.वा. तक 20 प्रतिशत की सब्सिडी भारत सरकार द्वारा मिलेगी।
सोलर प्लांट लगाने पर खर्च
-1 कि.वा. से ऊपर - 3 कि.वा. तक - 37000 रुपए प्रति कि.वा. -3 कि.वा. से ऊपर -10 कि.वा. तक - 39800 रुपए प्रति कि.वा. -10 कि.वा. से ऊपर-100 कि.वा. तक-36500 रुपए प्रति कि.वा. -100 कि.वा. से ऊपर-500 कि.वा. तक- 34900 रुपए प्रति किवा.
इसी में सब्सिडी शामिल
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि इस राशि में सब्सिडी शामिल है। सब्सिडी घटाकर एजेंसी को भुगतान की जाने वाली राशि 3 कि.वा. के लिए 66 हजार 600 रुपए व 5 कि.वा. पर एक लाख 35 हजार 320 रुपए है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कंपनी द्वारा दिए तकनीकी विवरण के कार्य के लिए उक्त राशि से अधिक भुगतान नहीं करें।
20 मिलेगी सब्सिडी
ग्रुप हाउसिंग सोसायटी को कॉमन सुविधा वाले संयोजन पर 500 कि.वा. तक (10 कि.वा. प्रति घर) 20 प्रतिशत की सब्सिडी मिलेगी। कंपनी द्वारा अधिकृत एजेंसी, तकनीकी विवरण, सब्सिडी व भुगतान की जाने वाली राशि की जानकारी के लिए विद्युत वितरण कंपनी के निकटतम कार्यालय, कंपनी की वेबसाईट के मुख्य पृष्ठ पर देखें या टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क करें।