27 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी, ठंड से अभी राहत के कोई आसार नहीं
पटना
24 घंटों के दौरान मध्य बिहार में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। सुबह में कोहरे के बावजूद दोपहर में धूप खिली। बिहार में अभी ठंड से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। मौसमविदों का कहना है कि अगले दो दिनों तक राज्य में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। दोपहर में धूप खिलेगी लेकिन सुबह-शाम में ठंड सताएगी। 24 घंटों में उत्तर पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवाओं का प्रवाह बढ़ा है जिससे विजिबिलिटी में तेजी से सुधार आया है।
दोपहर बाद धूप खिली और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, शाम में कनकनी पहले से बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कोहरे की स्थिति को देखते हुए 27 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, नालंदा सहित कई जिलों में रविवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। पूर्णिया और भागलपुर में दूसरे दिन भी अधिकतम पारा सामान्य से छह डिग्री तक नीचे रहा और कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। पटना में मौसम में तेजी से सुधार आया। अधिकतम पारा चार डिग्री तक ऊपर चढ़ा। गया में भी अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
दोपहर बाद छह से आठ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने से धूप ढलते ही कनकनी का एहसास हुआ। हालांकि, शाम में हवा का प्रवाह शांत हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सूबे में मौसम शुष्क बना हुआ है। गया में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक ऊपर चढ़ा है। पटना में 10 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। राज्य भर में मधुबनी सबसे ठंड रहा, जहां न्यूनतम पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी बिहार में एक से दो डिग्री तक पारा चढ़ेगा। दरअसल पूर्वी बिहार से झारखंड, छतीसगढ़ और विदर्भ होते हुए मराठावाड़ा ट्रफ लाइन बनी हुई है।
bhavtarini.com@gmail.com 
