500 कर्मचारियों की मनी दिवाली, एकसाथ मिलेगा दो माह का वेतन
भोपाल
शहडोल संभाग के तीन जिलों अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया के लगभग पांच सौ कर्मचारियों को तकनीकी खामी के चलते बजट की उपलब्धता नहीं होंने से सितंबर माह से वेतन नहीं मिल पाया है। शहडोल कमिश्नर नरेश पाल को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने वित्त विभाग और आयुक्त आदिवासी विकास को पत्र लिखकर इस समस्या को हल करने के लिए बजट मांगा। इसके बाद अब इन सभी कर्मचारियों को दो माह का वेतन एक साथ दिया जाएगा।
शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया, अनूपपुर जिले में उप संचालक पशु चिकित्सा में 49 लिपिकीय और अलिपिकीय, होमगार्ड कार्यालय में 109 संविदा तथा स्थायी कर्मी मजदूर, आदिम जालि कल्याण विभाग में 178 स्थायी कर्मी, अनूपपुर में आदिवासी विकास विभाग में 58 स्थायी कर्मी दैनिक वेतन भोगी, उमरिया में होमगार्ड कार्यालय में 55 स्थायीकर्मी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों सहित कौशल विकास संचालनालय, जिला महिला बाल विकास विभाग, निर्वाचन शाखा, भू-अभिलेख, स्वास्थ्य, कृषि, आदिम जाति कल्याण विभाग, बीईओ कार्यालय, उद्यान विभाग में पदस्थ लगभग 492 कर्मचारियों को सितंबर माह में बजट नहीं होंने के कारण वेतन नहीं मिल पाया था।
संभागायुक्त शहडोल नरेश पाल ने संचालक आदिवासी विकास, वित्त विभाग और अन्य विभागों को पत्र लिखकर बजट आबंटन करने को कहा था। बाद में विभागों ने बजट आवंटन करते हुए बताया कि तकनीकी कठिनाई के कारण यह राशि नहीं निकल पा रही थी। अब पूर्व में आबंटित बजट समर्पित करवाते हुए नए सिरे से नए मद से राशि निकासी के निर्देश दिए गए है।
जिन कर्मचारियो के वेतन नहीं निकल पा रहा था उनमें अधिकांश कर्मचारी दैनिक वेतन भोगी, स्थाई कर्मी, मजदूर और अन्य अल्पवेतन भोगी कर्मचारी है। दीपावली का त्यौहार भी नजदीक था। लेकिन दो माह से वेतन नहीं मिल पाने के कारण इन कर्मचारियों के समक्ष दीपावली त्यौहार नहीं मना पाने का संकट पैदा हो गया था। शहडोल संभागायुक्त नरेश पाल के द्वारा की गई पहल पर अब इन सभी कर्मचारियों को एक साथ दो माह का वेतन मिल सकेगा। इनकी दीपावली अब अच्छे से मन सकेगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
