'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन

'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन

BVMR पोर्टल और जागरूकता वैन लॉन्च, UNFPA की चेंज एजेंट बालिकाएं सम्मानित, सवाई माधोपुर की कविता मीणा बनी प्रेरणा

जयपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के 'बाल विवाह मुक्त भारत (BVMB) अभियान' के दो वर्ष पूर्ण होने एवं संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित 'बाल विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस' के अवसर पर शुक्रवार को भगत सिंह मेहता सभागार, एचसीएम रीपा परिसर, जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास एवं बाल अधिकारिता मंत्री श्रीमती दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में  बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध संघर्ष कर अपने जीवन को नई दिशा देने वाली साहसी बालिकाओं की प्रसंशा की सम्मानित किया तथा उनके संघर्ष और सफलता की कहानी को प्रेरक बताते हुए कहा कि बालिकाओं ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से यह साबित किया है कि उचित अवसर, शिक्षा और सहयोग मिलने पर हर बेटी अपने सपनों को साकार कर सकती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल विवाह की कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए इस अभियान को जन-आंदोलन बनाना होगा। अब भाषण नहीं, धरातल पर एक्शन की जरूरत है, जिसकी शुरुआत सरकार के साथ-साथ हमारी बेटियों ने कर दी है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों और बेटों दोनों के सम्मान, अधिकार और राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र की पहल से यह विषय राष्ट्रव्यापी मूवमेंट बना है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 'बाल विवाह मुक्त राजस्थान' का संकल्प लिया गया है। 

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की तरह ही 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान को भी हमें सफल बनाना है। 

बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए उन्होंने कहा कि पाबंदियों के कारण बेटियाँ कई बार आवाज नहीं उठा पातीं, इसलिए सूचना मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल करें। यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी को इस अभियान का चैंपियन और ब्रांड एंबेसडर बनना होगा। शादी जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, यह उम्र पढ़ने-लिखने और विकसित भारत-विकसित राजस्थान के निर्माण की है। हर पंचायत, गाँव व ढाणी को बाल विवाह मुक्त बनाना है।

1. बाल विवाह - मानसिकता बदलने का विषय: शासन सचिव

शासन सचिव श्रीमती पूनम ने कहा कि बाल विवाह गरीबी का नहीं, मानसिकता और आघात का विषय है। बच्चियों को गृहस्थी नहीं, डॉक्टर, शिक्षक, वैज्ञानिक बनने का अवसर मिलना चाहिए। 2030 तक बाल विवाह मुक्त राजस्थान लक्ष्य है।

2. राजस्थान की नई रणनीति
बाल अधिकारिता विभाग द्वारा बताया गया कि नई कार्ययोजना जनवरी 2026 में ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी और संस्था प्रधानों को भी CMPO बनाया गया है, निषेधाज्ञा लेना अनिवार्य किया गया है, 'मिशन वात्सल्य' और 'कवच' से पंचायत स्तर पर संरक्षण मजबूत किया गया है। BVMR पोर्टल को 'शाला दर्पण' से जोड़ने का प्रस्ताव है। राष्ट्रीय स्तर पर 71,842 CMPO और 42 लाख से अधिक संकल्प प्राप्त हुए हैं।

3. मुख्य आकर्षण:
अ) मोबाइल वैन को हरी झंडी - संदेश: बचपन बचाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे।
ब) BVMR पोर्टल एवं IEC सामग्री का विमोचन - थीम गीत "बचपन को मिले उड़ान, बाल विवाह मुक्त राजस्थान"।
स) चेंज एजेंट्स का सम्मान - UNFPA से जुड़ी मनोज कुमारी, हर्षिता मेघवंशी, मयंक सिंह, अंजू, अरबिया, हर्षिता (ब्यूटीशियन), आयशा (6 बाल विवाह रुकवाए) और आरुषि बैरवा को सम्मानित किया गया। बाल विवाह रोकथाम में अनुकरणीय कार्य के लिए UNFPA को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।

4. प्रेरणा - सवाई माधोपुर की कविता मीणा:

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एंबेसडर कविता मीणा ने बताया कि 2018 में UNFPA से जुड़कर उन्होंने अपनी बहन और राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सहेली का बाल विवाह रुकवाया। उनके प्रयासों से उनकी ग्राम पंचायत बाल विवाह मुक्त है, जहां की अनंता और ज्योति जैसी बेटियां कजाकिस्तान में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

इस अवसर पर शासन सचिव श्रीमती पूनम, सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी जोधपुर के कुलगुरु श्री आलोक त्रिपाठी, आयुक्त बाल अधिकारिता श्री निकया गोहाएन, आयुक्त विशेष योग्यजन श्री इकबाल खान, UNFPA की त्रिशा पारीक एवं अंतरा त्रिवेदी सहित अधिकारी, NGOs, मीडियाकर्मी और बच्चे उपस्थित रहे।