मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में 454 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान

मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में 454 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान

जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव का आयोजन शनिवार को चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अजमेर से किया गया, जिसमें देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  तथा राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया। प्रदेश स्तर पर 21,800 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न विभागों में कुल 454 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर आलोक रंजन ने नव नियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सरकारी सेवा प्राप्त करना अत्यंत गौरव एवं जिम्मेदारी का विषय है। प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह सहायक स्तर पर हो अथवा अधिकारी स्तर पर, शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। सेवा के दौरान ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए उच्च पदों तक भी पहुंचा जा सकता है।

जिला कलक्टर ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहकर कार्य करने का आह्वान किया।