विधानसभा चुनाव: जारी हुई भाजपा की दूसरी सूची, उतारी दिग्गजों की फौज, सभी सीएम इन वेटिंग मैदान में

विधानसभा चुनाव: जारी हुई भाजपा की दूसरी सूची, उतारी दिग्गजों की फौज, सभी सीएम इन वेटिंग मैदान में

39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची में छह महिलाओं को टिकट दिए 

भोपाल, मध्यप्रदेश भाजपा ने सोमवार को अपने प्रत्शाशियों की 39 नामों वाली दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें इंदौर की एक नंबर सीट से कैलाश विजयवर्गीय का नाम चौंकाने वाला है। वहीं देपालपुर से मनोज पटेल, छिंदवाड़ा से बंटी साहू का नाम घोषित किया है। भारी-भरकम चेहरों के साथ भाजपा ने 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतारा गया है।

एक बार फिर चौंकाया, सूची में कई बड़े नामों को मौका 
सोमवार को जारी सूची में छह महिलाओं को टिकट दिए गए हैं। बताया गया कि 13 सितंबर को हुई केंद्रीय समिति की बैठक के मंथन में ही ये नाम तय किए गए हैं। सुबह ही पीएम मोदी भोपाल में थे, संभावना जताई जा रही थी कि जल्द ही दूसरी सूचा आएगी। शाम को लिस्ट देकर भाजपा ने एक बार फिर चौंका दिया है। इस सूची में कई बड़े नामों को मौका दिया गया है। नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, रीती पाठक, उदय प्रताप सिंह जैसे सांसदों को टिकट दिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी एक ब्रेक के बाद इस बार मैदान में लड़ेंगे। उनका मुकाबला कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला से होना तय माना जा रहा है। 

विजयी दांव चला, कांग्रेस की चौतरफा घेराबंदी
पार्टी की ओर से कांग्रेस की चौतरफा घेराबंदी की गई है। पार्टी ने इस सूची में ऐसा विजयी दांव चला कि मुख्यमंत्री पद के सारे दावेदारों (सीएम इन वेटिंग) को विधानसभा चुनाव में उतार कर साफ संदेश दे दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र संभालें, चुनाव जीतें और जिताएं भी।

सभी अपने गढ़ में हैं क्षत्रप
जिन केंद्रीय मंत्रियों एवं बड़े नेताओं को विधानसभा चुनाव में उतारा गया है, वे सभी अपने-अपने गढ़ के क्षत्रप हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (ग्वालियर-चंबल), प्रहलाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह (महाकोशल), राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (मालवांचल) शामिल हैं।

नहीं किया मुख्‍यमंत्री का चेहरा घोषित 
भाजपा इस बार मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए बिना विधानसभा चुनाव लड़ रही है। प्रत्याशी घोषित किए गए इन सभी बड़े चेहरों को मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल माना जाता है। अन्य सांसदों में गणेश सिंह, राव उदय प्रताप सिंह और रीति पाठक का नाम भी दूसरी सूची में आया है। छह महिलाओं को भी टिकट दिया गया है।

छह महिलाओं को टिकट
भाजपा की दूसरी सूची में नारी शक्ति वंदन अधिनियम की भी झलक देखने को मिली है। 39 प्रत्याशियों में छह महिलाओं के नाम हैं। इनमें पूर्व मंत्री इमरती देवी (अजा) डबरा से, ज्योति डेहरिया (अजा) परासिया से, गंगाबाई उईके

हारी हुई सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों का एलान
इससे पहले अगस्त में भाजपा ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जिन 60 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया था, उन सभी पर पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2018 में हार का सामना करना पड़ा था। मध्य प्रदेश की 39 सीटों में से 38 पर कांग्रेस और एक पर बसपा ने जीत दर्ज की थी। इसी तरह छत्तीसगढ़ में 21 में से 20 पर कांग्रेस और एक पर अजीत जोगी को जीत हासिल हुई थी।

विधानसभा के साथ लोकसभा चुनाव की भी कवायद
भाजपा की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्रियों सहित कुल सात सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने के पीछे भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारियों की झलक भी दिखाई पड़ रही है। पार्टी ने एक तीर से दो निशाने लगाए हैं। जिन सात सांसदों को टिकट दिया गया है, वे विधानसभा चुनाव जीते तो ठीक वरना उनकी सीट से नए चेहरों को अवसर दिया जा सकता है। संभावना यह है कि आने वाली सूची में कुछ अन्य सांसदों को भी विधानसभा चुनाव का टिकट दिया जा सकता है।

आठ वर्ष बाद विजयवर्गीय की मप्र में वापसी
भाजपा ने दूसरी सूची में कई संदेश दिए हैं। कई सीटों पर नए उम्मीदवार देने के साथ तीन विधायकों के टिकट काट दिए हैं। अपने बयानों से भाजपा के लिए संकट खड़ा करते रहे मैहर के विधायक नारायण त्रिपाठी, आदिवासी पेशाब कांड से विवाद में आए केदार शुक्ल और जालम सिंह पटेल के टिकट काट दिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को दिमनी से प्रत्याशी बनाया गया है। दिमनी क्षेत्र तोमर की संसदीय सीट मुरैना में आता है। वह ग्वालियर से दो बार विधायक और तीन बार सांसद रह चुके हैं। इंदौर-एक सीट से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। छह बार लगातार विधायक रहे विजयवर्गीय 2015 से मध्य प्रदेश की राजनीति से दूर हैं।पिछले चुनाव में उन्होंने अपने पुत्र आकाश विजयवर्गीय को इंदौर तीन से विधायक बनवा दिया था।

पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे राकेश सिंह
प्रहलाद सिंह पटेल को नरसिंहपुर से प्रत्याशी बनाया गया है। फिलहाल इस सीट से उनके भाई जालम सिंह पटेल विधायक हैं। पटेल पांच बार लोकसभा सदस्य रहे हैं। पांच बार के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को निवास सीट से लड़ाया जाएगा। पहले इस सीट से उनके भाई राम प्यारे निवास विधानसभा का चुनाव हार गए थे। वरिष्ठ नेताओं में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को भी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ाया जा रहा है। सिंह जबलपुर लोकसभा क्षेत्र से चार बार के सांसद हैं।

सूची में 28 नए चेहरे, 3 वर्तमान विधायकों के टिकट काटे
केंद्रीय मंत्री और सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाने के निर्णय के साथ 28 नए चेहरे मैदान में उतारे हैं। तीन वर्तमान विधायकों के टिकट काट दिए हैं। इसके पहले पार्टी 39 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

इनका कट गया टिकट
भाजपा ने नरसिंहपुर सीट से वर्तमान विधायक जालम सिंह पटेल, मैहर से नारायण त्रिपाठी और सीधी से केदार नाथ शुक्ल का टिकट काट दिया है।

नारायण बना चुके हैं अपनी पार्टी 
नारायण त्रिपाठी अपनी अलग पार्टी विंध्य विकास पार्टी गठित कर 30 प्रत्याशी उतारने का एलान कर चुके हैं। जबकि, केदार नाथ शुक्ल के समर्थक द्वारा एक आदिवासी के ऊपर पेशाब करने का मामला सामने आने पर पार्टी को बैकफुट पर आना पड़ा था। वहीं, जालम सिंह पटेल के भाई केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है।

यहां नए चेहरों को अवसर
पार्टी ने नरसिंहपुर, गाडरवारा, जुन्नारदेव, सीधी, सिहावल, जबलपुर पश्चिम, डिंडोरी, निवास, कटंगी, सतना, मैहर, देवरी, राघौगढ़, करैरा, दिमनी, लहार, भितरवार, सेवढ़ा, छिंदवाड़ा, परासिया, घोड़ाडोंगरी, उदयपुरा, आगर, भीकनगांव, पानसेमल, इंदौर एक, नागदा खाचरोद और सैलाना विधानसभा क्षेत्र में नए चेहरे दिए हैं। जबकि, पहली सूची में हारे गए 23 प्रत्याशी बदले गए थे।

भाजपा की दूसरी सूची
विधानसभा का नाम उम्मीदवार का नाम
श्योपुर दुर्गालाल विजय
मुरैना रघुराज कंसाना
दिमनी     नरेंद्र सिंह तोमर
लहार    अमरीश शर्मा गुड्डू
भितरवार     मोहन सिंह राठौर
डबरा इमरती देवी
सेवढ़ा प्रदीप अग्रवाल
करैरा रमेश खटीक
राघौगढ़ हिरेंद्र सिंह बंटी बना
देवरी बृजबिहारी पटेरिया
राजनगर अरविंद पटेरिया
सतना गणेश सिंह
मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी
सीधी रीती पाठक
सिंहावल विश्वामित्र पाठक
कोतमा दिलीप जायसवाल
जबलपुर पश्चिम राकेश सिंह
डिंडौरी पंकज टेकाम
निवास फग्गन सिंह कुलस्ते
कटंगी गौरव पारधी
नरसिंहपुर प्रहलाद सिंह पटेल
गाडरवाड़ा उदय प्रताप सिंंह
जुन्नारदेव नत्थन शाह
छिंदवाड़ा विवेक बंटी साहू
परासिया ज्योति डेहरिया
घोड़ाडोंगरी गंगाबई उईके
उदयपुरा नरेंद्र शिवाजी पटेल
खिलचीपुर हजारी लाल दांगी
आगर मधु गेहलोत
शाजापुर अरुण भीमावत
भीकनगांव नंदा ब्राह्मणे
राजपुर अंतर सिंह पटेल
पानसेमल श्याम बर्डे
थांदला कलसिंह भावर
गंधवानी सरदार सिंह मेड़ा
देपालपुर मनोज पटेल
इंदौर-1 कैलाश विजयवर्गीय
नागदा-खाचरौद डॉ. तेजबहादुर सिंह
सैलाना संगीता चारेल

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट