सीएम भगवंत मान का फैसला: पंजाब में खेतों से हटेंगे बिजली के खंभे, अंडरग्राउंड लाइन और स्मार्ट ट्रांसफार्मर लगेंगे
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने के लिए खेतों में लगे बिजली के खंभों को हटाकर अंडरग्राउंड तारें बिछाने का फैसला किया है। इसके साथ ही बड़े ट्रांसफार्मरों की जगह छोटे आकार के स्मार्ट ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अपने गांव सतोज से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करेंगे।
राज्य में वर्तमान में 13,236 ग्राम पंचायतों के तहत खेतों में तीन लाख से अधिक बिजली के खंभे लगे हुए हैं, जिनके जरिए सिंचाई मोटरों तक बिजली पहुंचाई जाती है। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर भी स्थापित हैं, लेकिन इनसे जुड़े कई व्यावहारिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दे सामने आते रहे हैं।
सरकार के इस फैसले के पीछे मुख्य कारण खेतों में ढीली तारों से होने वाली दुर्घटनाएं हैं। अक्सर स्पार्किंग के कारण फसलों में आग लगने या मशीनों के तारों से टकराने की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा खंभों और सपोर्ट संरचनाओं के कारण किसानों के बीच विवाद भी पैदा होते हैं और खेतों की उपयोगी जमीन भी कम हो जाती है।
नई योजना के तहत अंडरग्राउंड बिजली लाइन से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि ट्रांसमिशन लॉस भी कम होगा और बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू हो सकेगी। स्मार्ट ट्रांसफार्मर लगने से सिस्टम और आधुनिक बनेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस योजना से गांवों की तस्वीर बदलेगी और बिना खंभों के खेत अधिक व्यवस्थित और सुंदर दिखेंगे। साथ ही किसानों को नुकसान और आपसी विवादों से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना को लागू करने के लिए जल्द ही बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और पायलट प्रोजेक्ट के बाद इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com

