कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है, ऐसे सुरजेवाला बहुत आए और चले गए: वीडी शर्मा
भोपाल। विधानसभा चुनाव का वक्त नजदीक आने के साथ नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है। बुधवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस के मप्र चुनाव प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला पर सीधा हमला बोला। मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत के दौरान वीडी शर्मा ने कहा कि सुरजेवाला जी, आप यहां क्या कर लेंगे। कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा में न कमल नाथ पहुंच रहे हैं और न दिग्विजय सिंह पहुंचे। जहां पहुंचेंगे, वहां जूतमपैजार होगी। आपने हरियाणा में क्या कर लिया। हरियाणा से कैसे आपको रवाना किया है, यह हरियाणा के आपके पार्टी अध्यक्ष बता देंगे। मध्य प्रदेश की जनता इनका चरित्र अच्छे से जानती है। ऐसे सुरजेवाला बहुत आए और चले गए। इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जमानतें जब्त हो रही है। कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है।
पलाश में भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक
राजधानी के पलाश होटल में बुधवार को भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रवासी कार्यकर्ता जो देश भर के कार्यकर्ता हैं, हर जिले में, हर संभाग में, उस संरचना के तहत उनकी दिनभर की कार्यशाला थी। इस बैठक में देश भर चयनित ऐसे कार्यकर्ता शामिल हैं, जो संगठन के काम में पारंगत हैं। चुनाव की रणनीति की दृष्टि से जिनका व्यापक अनुभव है। ऐसे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता सहयोग के नाते से मध्यप्रदेश के चुनाव में प्रत्येक जिले में और संभाग के स्तर पर अपनी भूमिका निभाते हैं। ये वो कार्यकर्ता है जिनका मध्यप्रदेश के चुनाव में योग्यता और अनुभव है, उनका इन चुनावों में भी भरपूर उपयोग होगा। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं के साथ ताकत देने के लिए वे अपनी भूमिका निभाएंगे।
हमारा प्रत्येक बूथ पर चुनाव जीतने का लक्ष्य है
वीडी शर्मा ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यहां पर मध्यप्रदेश के चुनाव को ओर ताकत देने के लिए इस व्यवस्था में भेजा है। ये सभी कार्यकर्ता निर्धारित किए गए अपने - अपने जिले में जाएंगे और काम करेंगे। वीडी शर्मा ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में इन सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी ऐतिहासिक बहुमत हासिल कर एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रत्येक बूथ पर चुनाव जीतने का लक्ष्य है। कांग्रेस को चारों खाने चित करने का काम हमारे सभी कार्यकर्ता मिलकर इस चुनाव में करेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 
