नवीन कानूनों के कार्यान्वयन की पहली वर्षगांठ पर आयोजित प्रदर्शनी

नवीन कानूनों के कार्यान्वयन की पहली वर्षगांठ पर आयोजित प्रदर्शनी

जयपुर। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में नवीन कानूनों के कार्यान्वयन की वर्षगांठ पर सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित प्रदर्शनी और इसके उद्घाटन समारोह की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विशाल जन भागीदारी दर्ज की गई। यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग देश में लागू किए गए नवीन आपराधिक कानूनों के सफल कार्यान्वयन के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।

     आंकड़ों के अनुसार पूरे आयोजन में कुल 1,01,010 लोगों ने एक दिन में पूरे राज्य में भागीदारी की। यह भागीदारी गृह मंत्री के उद्बोधन को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के लिए एक सुनियोजित प्रयास को दर्शाती है, जिसे विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर विभाजित किया गया था। कोटा शहर में दशहरा मेला रंगमंच पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया वहीं यहां के हजारों कोचिंग स्टूडेंट्स को भी लाइव प्रसारण दिखाया गया।

वीसी में कोटा रहा अव्वल

पुलिस मुख्यालय द्वारा संधारित आंकड़ों के अनुसार कोटा शहर में सर्वाधिक 6,345 लोगों भागीदारी  रही। वहीं, भीलवाड़ा  3,779 लोगों के साथ दूसरे और धौलपुर 3,424 लोगों की भागीदारी के साथ तीसरे नंबर पर रहा।  बूंदी में 3450, बीकानेर में 3,400, अजमेर में 3,104, बाड़मेर में 3,050 से अधिक जनसमूह को इस कार्यक्रम से जोड़ा।

जमीनी स्तर पर व्यापक जुड़ाव

कुल 1,01,010 प्रतिभागियों में से सबसे बड़ी संख्या थाना स्तर पर रही, जहाँ 66,449 लोगों ने हिस्सा लिया। यह दर्शाता है कि नवीन कानूनों की जानकारी और चर्चा सीधे पुलिस स्टेशनों तक पहुँचायी गई।

    उपखण्ड/वृत्त स्तर पर उपस्थित लोगों की संख्या 13,116, जिला स्तर पर उपस्थित लोगों की संख्या 14,996 और रिजर्व पुलिस लाईन में अधिकारियों/कर्मचारियों एवं निवासरत परिजनों की संख्या 6,449 रही।
    
इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि 21वीं शताब्दी के इन बड़े कानूनी सुधारों पर चर्चा और जागरूकता का प्रयास पूरे राज्य में सभी स्तर तक सफलतापूर्वक किया गया।