कलेक्टर लवानिया का वोकल फॉर लोकल पर जोर, मिट्टी के दीये बेचने वालों से टैक्स नहीं लेगा नगर निगम

कलेक्टर लवानिया का वोकल फॉर लोकल पर जोर,  मिट्टी के दीये बेचने वालों से टैक्स नहीं लेगा नगर निगम

भोपाल। राजधानी भोपाल में दीपावली के दौरान मिट्टी के दीये बेचने वालों से नगर निगम कोई टैक्स नहीं वसूलेगा। वे बाजार में बिना किसी टैक्स के दुकान लगा सकेंगे। वोकल फॉर लोकल के चलते भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने मंगलवार को यह आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर लवानिया ने बताया, दीपावली पर्व पर कुम्हार समाज के लोग एवं अन्य ग्रामीण मिट्टी के दीये बनाकर बाजारों में बेचने लाते हैं। इन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

इस संबंध में नगर निगम एवं नगर परिषदों के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नगरीय क्षेत्र में किसी भी प्रकार के टैक्स की वसूली नहीं की जाएगी। लोगों को मिट्टी के दीये के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बाजारों में बैठक व्यवस्था के तहत दुकानदारों से नगर निगम के ठेकेदार तय राशि वसूलते हैं। बाजार में अस्थायी दुकान लगाने पर 20 रुपए तक वसूल जाते हैं। यह राशि मिट्टी के दीये बेचने वालों से नहीं ली जाएगी।