बालिका सैनिक विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए 65.24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रस्ताव
जयपुर। राजस्थान सरकार प्रदेश में बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने तथा बालिकाओं को सैन्य सेवाओं के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मंगलवार को शासन सचिवालय में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में संभाग स्तर पर संचालित बालिका सैनिक विद्यालयों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूज्या रामीदेवी रामनारायण राठी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय, जयमलसर (बीकानेर) तथा महाराव शेखाजी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय, मोहनपुरा, ब्लॉक दातारामगढ़ (सीकर) की स्थापना, आधारभूत ढांचे के विकास एवं संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री यादव ने निर्देश दिए कि दोनों विद्यालयों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) मॉडल के स्थान पर झुंझुनूं एवं चित्तौड़गढ़ सैनिक विद्यालयों की तर्ज पर विकसित किया जाए। उन्होंने इस संबंध में निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक आवासीय, शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
65.24 करोड़ रुपये का संशोधित अतिरिक्त बजट प्रस्ताव
विद्यालयों में आधुनिक छात्रावास, बेहतर शिक्षण व्यवस्था तथा उच्चस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास के लिए कुल 6523.96 लाख रुपये (लगभग 65.24 करोड़ रुपये) का संशोधित अतिरिक्त बजट प्रस्ताव स्वीकृति के लिए तैयार किया गया है। इसमें निर्माण कार्य एवं आधारभूत सुविधाओं के लिए 6279.16 लाख रुपये, आवश्यक सामग्री एवं आधुनिक ICT उपकरणों के लिए 244.80 लाख रुपये तथा भोजन एवं दैनिक व्यवस्थाओं के लिए 127.08 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।
आधुनिक भवन एवं आधारभूत सुविधाओं का होगा विकास
वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 की अवधि में दोनों विद्यालयों में लाइब्रेरी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाएं, कैंटीन, पार्किंग और ऑडिटोरियम का निर्माण प्रस्तावित है। बीकानेर विद्यालय में अकादमिक ब्लॉक, एप्रोच रोड एवं टॉयलेट ब्लॉक भी विकसित किए जाएंगे। दोनों परिसरों में तारबंदी एवं बाउंड्रीवॉल, चार बालिकाओं की क्षमता वाले नए हॉस्टल तथा बीकानेर में स्टाफ क्वार्टर बनाए जाने का प्रस्ताव है।
बीकानेर में बाउंड्रीवॉल एवं वाटर पाइपलाइन तथा सीकर में बाउंड्रीवॉल, गुंबज पर टिन/फाइबर शीट और विद्युत लोड को बढ़ाकर 200 किलोवाट करने के कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं।
ICT एवं शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित होंगे विद्यालय
आवश्यक सामग्री एवं आधुनिक ICT उपकरणों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 244.80 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इसके तहत प्रिंटर एवं UPS सहित कंप्यूटर सेट, पुस्तकालय के लिए 2,000 पुस्तकें, प्रयोगशाला उपकरण, स्मार्ट कक्षाओं के लिए इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले, जिनमें 75 इंच के 4 तथा 85 इंच के 2 डिस्प्ले, 5 स्मार्ट बोर्ड, लैंडलाइन फोन, 5 वाटर कूलर तथा खेल सामग्री की खरीद की जाएगी। बीकानेर विद्यालय में 32 CCTV कैमरा सेट, 100 गद्दे एवं अन्य आवश्यक सामग्री का भी प्रावधान किया गया है।
बीकानेर में विकसित होगा विश्वस्तरीय खेल परिसर
बीकानेर स्थित बालिका सैनिक विद्यालय में बालिकाओं को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मल्टीपर्पज इनडोर गेम हॉल, वॉलीबॉल ग्राउंड, तीरंदाजी मैदान, खो-खो ग्राउंड, सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, सिंथेटिक ट्रैक तथा सिंथेटिक हॉकी एवं फुटबॉल ग्राउंड विकसित किए जाएंगे। हॉकी एवं फुटबॉल सहित प्रस्तावित खेल मैदानों में ग्रीन टर्फ लगाए जाने का भी प्रावधान है।
भोजन एवं दैनिक व्यवस्थाओं के लिए 127.08 लाख रुपये
दोनों विद्यालयों में प्रति विद्यालय 80 बालिकाओं की क्षमता के आधार पर 10 माह की अवधि के लिए 127.08 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। इसके तहत आउटसोर्सिंग के माध्यम से बालिकाओं के लिए भोजन, सफाई कर्मचारी, वॉशरमैन तथा वैन/वाहन की व्यवस्था की जाएगी। सफाई कर्मचारियों का भुगतान कंटीजेंसी मद से किए जाने का प्रावधान है।
बैठक में विशिष्ट शासन सचिव (स्कूल शिक्षा) श्री विश्वमोहन शर्मा, संयुक्त शासन सचिव (वित्त) श्री प्रताप सिंह, संयुक्त शासन सचिव (PHED) श्री सक्षम गौड़, डिप्टी कमिश्नर (KGBV सेल) श्रीमती वर्षा मीणा सहित ऊर्जा, पंचायतीराज, JVVNL एवं RSRDC विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

