लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसद जन सेवा अभियान शिविर का किया निरीक्षण

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसद जन सेवा अभियान शिविर का किया निरीक्षण

जयपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को बून्दी में तालेड़ा उपखंड क्षेत्र की कैथूदा ग्राम पंचायत में आयोजित ‘सांसद जन सेवा अभियान’ शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन कर वहां किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी परिवेदनाएं ध्यानपूर्वक सुनीं। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा, जनआधार और श्रमिक डायरी सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े प्रकरण सामने आए।लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सांसद जन सेवा अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का उनके गांव में ही समाधान करना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों का सही और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। आधार कार्ड अथवा अन्य दस्तावेजों में छोटी सी त्रुटि के कारण भी कई बार पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें तथा प्रत्येक परिवार के आवश्यक दस्तावेज पूरे और सही होने की जानकारी लें। जहां कहीं दस्तावेजों में त्रुटि या कमी हो, उसे दूर करवाने में सहायता करें।

लंबे समय से लंबित आधार संबंधी समस्या का मौके पर समाधान

शिविर में एक ग्रामीण ने लंबे समय से आधार कार्ड से जुड़ी समस्या ओम बिरला के सामने रखी। उन्होंने उसकी समस्या को विस्तार से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर आधार की मशीन उपलब्ध करवाई गई और करीब आधे घंटे में उसका कार्य पूरा हो गया। ओम बिरला ने कहा कि कई बार लोग वर्षों तक अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकते रहते हैं। ऐसे मामलों में उनकी समस्या को गंभीरता से सुनना और समाधान तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत देना है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिस कार्य का समाधान मौके पर संभव है, उसके लिए व्यक्ति को दोबारा कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

दस्तावेजों की त्रुटियां दूर कर पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ें

राशन कार्ड से जुड़े मामलों पर ओम बिरला ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य का नाम छूट जाने अथवा रिकॉर्ड में त्रुटि होने से पात्र परिवार को खाद्य सुरक्षा का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। इसलिए ऐसे मामलों को प्राथमिकता से ठीक किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों के दस्तावेजों की जांच कर उन्हें खाद्य सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन के लिए संचालित हैं। इनका उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक इनका लाभ पहुंचे। इसलिए अधिकारी और कर्मचारी सेवाभाव के साथ कार्य करें तथा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी भी दें।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिविर में अपनी परिवेदना लेकर आने वाला व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है। उसकी वाजिब समस्या का समाधान हो और वह निराश होकर वापस न लौटे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ यही है कि लोगों की समस्याएं सुनी जाएं और उन्हें समय पर राहत मिले।