नई दिल्ली में राजस्थान उत्सव: खेल, उमंग और संस्कृति की जीवंत झलक

नई दिल्ली में राजस्थान उत्सव: खेल, उमंग और संस्कृति की जीवंत झलक

जयपुर। नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस प्रांगण में आयोजित राजस्थान उत्सव इन दिनों पूरे उत्साह और रंगों के साथ लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। बीकानेर हाउस का परिसर राजस्थान की सतरंगी संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन का सजीव आईना बन गया है, जहां हर कोने में रंग, रौनक और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

उत्सव के तहत आयोजित विविध प्रतियोगिताओं और गतिविधियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। लेमन स्पून रेस, वन लेग्ड रेस, मेहंदी प्रतियोगिता और पेंटिंग जैसी मनोरंजक गतिविधियों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे प्रांगण में खुशी और सहभागिता का वातावरण बना रहा।

पारंपरिक खेलों में दिखा उत्साह

पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लेमन स्पून रेस में पुरुष वर्ग में सूरज एवं महिला वर्ग में श्रीमती अबिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वन लेग्ड रेस में पुरुष वर्ग में अभिनव प्रथम तथा सुनील द्वितीय रहे, जबकि महिला वर्ग में सुस्नेहा ने बाजी मारी।

इसके अतिरिक्त मेहंदी प्रतियोगिता तथा “विकसित राजस्थान/2047” और “म्हारो राजस्थान” थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। मेहंदी प्रतियोगिता में श्रीमती सिमरन कौर प्रथम और सुवंशिका द्वितीय स्थान पर रहीं, वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में सुकनिका कश्यप ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को प्रांगण में सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और भी बढ़ा।

सांस्कृतिक संध्या ने मोहा मन

सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि, शासन सचिव पंचायती राज (प्रारंभिक शिक्षा) विभाग, कृष्ण कुणाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बीकानेर हाउस के सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुत कार्यक्रमों में भुंगर खान मंगनियार और मोनू सपेरा की “विरासत-ए-थार” प्रस्तुति ने मधुर लोक धुनों और आकर्षक नृत्य के माध्यम से पूरे वातावरण को राजस्थानी रंग में रंग दिया और पूरा प्रांगण मंत्रमुग्ध हो गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त आवासीय आयुक्त श्रीमती अंजू ओमप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहे।