छिंदवाड़ा में शाह ने भरी हुंकार, कहा-लोकसभा के साथ जिले की सातों सीटें जीतेगी भाजपा

छिंदवाड़ा में शाह ने भरी हुंकार, कहा-लोकसभा के साथ जिले की सातों सीटें जीतेगी भाजपा

छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खूब गरजे। महाविजय उद्घोष जनसभा में कहा कि इस क्षेत्र की सातों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे। 2024 में लोकसभा सीट भी जीतेंगे। उन्होंने मंच से कमलनाथ से सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा कि सवा साल आपकी सरकार रही। जनता ने आपको मौका दिया। आपने क्या किया? इसका हिसाब-किताब दो। लूट-खसोट का काम किया। शिवराज सिंह जो योजनाएं शुरू कर गए थे, वह भी बंद करा दी। कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी, दोनों वादा करने के लिए ही हैं। वादे कभी पूरा नहीं करते हैं।

नया करने का तो छोड़ो, कमलनाथ ने भ्रष्टाचार से लूट-खसोट की

भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हारी सीटों पर अपनी रणनीति बनाई है। इसी कड़ी में महाविजय उद्घोष जनसभा का आयोजन छिंदवाड़ा में किया गया था। भाजपा किसी भी स्थिति में छिंदवाड़ा की सात विधानसभा और लोकसभा सीट जीतना चाहती है। इसके लिए रणनीति बनाने ही शाह छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने जनसभा में कहा कि कमलनाथ से पूछना चाहता हूं कि मध्यप्रदेश की जनता ने आपको एक मौका दिया था। आपने क्या किया? उसका हिसाब-किताब तो छिंदवाड़ा वालों को देना चाहिए। नया करने का तो छोड़ो, कमलनाथ ने भ्रष्टाचार से लूट-खसोट की है। कॉम्प्लेक्स सिंचाई योजना में सैकड़ों करोड़ रुपये का एडवांस पेमेंट कर दिया। वह भी किसी प्रक्रिया के बिना। उनके आसपास के लोग भी फंस गए। अगस्ता वेस्टलैंड के घपले-घोटालों में भी उनका नाम आया। आपने बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, दिया क्या किसी को? वृद्धावस्था पेंशन योजना बढ़ाने वाले थे, बढ़ाई थी क्या? शिवराज जी ने जो शुरू किया था, वह भी बंद कर दिया। तीर्थदर्शन योजना और संबल योजना को बंद कर दिया था। सतपुड़ा सहकारी शकर कारखाना, भाखरा कलन, माचिस के कारखाने की बात, कुछ नहीं किया। छिंदवाड़ा शहर में दो फ्लाईओवर बनाने वाले थे, बनाए क्या?

कांग्रेस ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया
शाह के भाषण में ज्यादातर हिस्सा नरेंद्र मोदी सरकार और उसकी उपलब्धियों पर ही फोकस रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा तो दिया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। वहीं, भाजपा की मोदी सरकार ने पिछले नौ साल में 80 करोड़ गरीबों के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने का काम किया है। मोदी जी ने 130 करोड़ लोगों को मुफ्त में कोरोना का टीका लगाया। गरीबों के घर में प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलो अनाज फ्री में पहुंचाने की व्यवस्था की।

हटाती नहीं थी धारा 370, भटकाती थी कांग्रेस
शाह ने आरोप लगाते हुए पूछा कि कश्मीर भारत का है या नहीं? धारा 370 हटनी थी या नहीं हटनी थी? कांग्रेस पार्टी आजादी से अब तक धारा 370 को लटकाती थी। भटकाती थी। अटकाती थी। हटाती नहीं थी। मोदी जी ने 5 अगस्त 2019 को एक बिल लाकर धारा 370 को समाप्त कर दिया। इसके साथ ही भारत माता का मुकुटमणि हमारा कश्मीर हमेशा के लिए भारत द्वह्य जुड़ गया। यह नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं और कोई नहीं। कांग्रेस पार्टी के जमाने में तो पाकिस्तान से आलिया-मालिया, जमालिया रोज घुस जाते थे। जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। कांग्रेस उफ तक नहीं करती थी। उरी और पुलवामा में हमे हुए तो मोदी ने दस दिन के अंदर एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक कर घर में घुसकर आतंकियों का सफाया किया है। देश को सुरक्षा केवल भाजपा ही दे सकती है।

मध्यप्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दोनों ने ही पिछले लोकसभा चुनावों में हुई 36 हजार वोटों की हार को याद दिलाया। हार का अंतर लगातार कम हुआ है। शाह ने कहा कि इस क्षेत्र में बहुत कम बार भाजपा जीती है। (सुंदरलाल) पटवा जी को एक बार जिताया था। पिछली बार 36 हजार वोट से हारे थे। अब की बार विधानसभा के चुनावों में सातों सीटें भाजपा को जीतना है। 2024 में छिंदवाड़ा सीट जीतना है। मध्यप्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएंगे, यह संकल्प लीजिए।

सवा साल सिवाय भ्रष्टाचार का क्या किया?: शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 5,600 करोड़ रुपये की कॉम्प्लेक्स सिंचाई योजना का काम हमने रोका। सुन लो कमलनाथ, बिना डिजाइन, काम किए, ठेकेदारों को 2,150 करोड़ रुपये का भुगतान करने का पाप आपने किया है। अधिकारी सस्पेंड हुए हैं। सवा साल सिवाय भ्रष्टाचार का क्या किया? हमने 800 करोड़ रुपये स्वीकार किए, कह रहे थे कि हमने तो 1,500 करोड़ रुपये रखे थे, तो क्या वह खाने के लिए किया था। बड़ी डींग हांकते हैं। कमलनाथ का बस चले तो बोले कि पातालकोट भी मैंने बनवा दिया। यहां उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छिंदवाड़ा कमल नाथ की जागीर नहीं है। वह डींगे हांकते हैं। बस चले तो कमल नाथ ये भी बोल दे कि पातालकोट भी उन्होंने ही बनाया।

छिंदवाड़ा सिर्फ मोदी जी की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़: वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि अमित शाह ताकतवर गृह मंत्री हैं। अमित शाह ही वो रणनीतिकार हैं, जिनके प्रयास से 16 राज्यो में भाजपा सरकार है। बीते दस दिनों से महाविजय संकल्प को लेकर कार्यकर्ता इंतजार कर रहे हैं। छिंदवाड़ा किसी का गढ़ नही है, सिर्फ मोदी जी की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है। 2023 और 2024 में हम मिलकर भाजपा का परचम फहराएंगे।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट