ड्रोन से पंजाब पाकिस्तान से नशे और हथियारों की तस्करी, CM ने केंद्र से पूछा- आखिर कहां से आ रही AK-47

ड्रोन से पंजाब पाकिस्तान से नशे और हथियारों की तस्करी, CM ने केंद्र से पूछा- आखिर कहां से आ रही AK-47

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में नशे और हथियारों की तस्करी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थों और हथियारों के पैकेट भेजे जा रहे हैं। मान ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि पंजाब में पहुंच रही AK-47 समेत अन्य हथियारों की खेप आखिर कहां से आ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पाकिस्तान से करीब 533 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। पंजाब देश का महत्वपूर्ण राज्य होने के साथ-साथ एक तरह से प्रवेश द्वार भी है। यही वजह है कि पाकिस्तान लगातार पंजाब में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करता रहता है।

BSF के साथ मिलकर काम कर रही पंजाब पुलिस

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) मिलकर सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। पंजाब पुलिस का करीब 40 फीसदी बल BSF के साथ मिलकर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों के लगातार संपर्क में है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है और इसे राजनीति से ऊपर रखकर देखा जाना चाहिए।

मान के मुताबिक पंजाब पुलिस के पास एंटी-ड्रोन सिस्टम के साथ आधुनिक GPS तकनीक और बेहतर वाहन भी उपलब्ध हैं। विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को भारत लाने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस समेत कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने यूरोप से अमृत दलम के प्रत्यर्पण का भी उल्लेख किया।

लुधियाना में गैंगस्टरों के एनकाउंटर पर पुलिस की तारीफ

मुख्यमंत्री ने लुधियाना में दो गैंगस्टरों के मारे जाने के मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों गैंगस्टर एक ब्लड डोनेशन कैंप पर गोली चलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को मार गिराया।

मान ने कहा कि पंजाब पुलिस लगातार अपना काम कर रही है और राज्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ड्रोन से 3 से 5 किलो के पैकेट भेजे जाने का दावा

भगवंत मान ने दावा किया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में 3 से 5 किलो वजन के पैकेट भेजे जा रहे हैं। इनमें नशीले पदार्थों के साथ हथियार भी होने की आशंका रहती है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब तक पंजाब में 54 AK-47 पहुंच चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में हथियार पंजाब तक कैसे पहुंच रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में जवाब मांगते हुए पूछा कि क्या ये हथियार जम्मू-कश्मीर से आ रहे हैं या गुजरात के रास्ते पंजाब पहुंच रहे हैं।

मुंद्रा पोर्ट का मुद्दा उठाकर बीजेपी पर निशाना

भगवंत मान ने गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से कथित तौर पर ड्रग्स की बरामदगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि गुजरात पोर्ट से करीब 3,000 किलो ड्रग्स पंजाब तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान के रास्ते से भी पंजाब में नशीले पदार्थ पहुंच रहे हैं।

बीजेपी की नशा विरोधी यात्रा पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि पहले मुंद्रा पोर्ट को संभालने की जरूरत है, उसके बाद पंजाब में नशे के खिलाफ यात्रा निकाली जानी चाहिए।

नायब सिंह सैनी पर भी साधा निशाना

पंजाब के मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सिर्फ कार में पगड़ी रख लेने और पंजाब में प्रवेश करते समय उसे पहन लेने से पंजाबियों का दिल नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को दिखावे की नहीं, बल्कि सम्मान की जरूरत है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर उठाए सवाल

पटियाला में कांग्रेस के धरने को लेकर भी भगवंत मान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी की अंदरूनी खींचतान पर तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस के सभी नेता प्रदर्शन में एक साथ शामिल हुए थे।

मान ने कहा कि कांग्रेस के भीतर आपसी लड़ाई चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के धरने में शामिल नहीं होने को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा।

पंजाब में बिजली व्यवस्था को लेकर दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने पंजाब में बिजली व्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोयले की कमी के कारण कुछ बिजली उत्पादन इकाइयां बंद थीं। इस संबंध में उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत की, जिसके बाद कोयले की आपूर्ति का रास्ता साफ हुआ।

मान ने कहा कि अब पंजाब के सभी पांच सरकारी थर्मल प्लांट की यूनिटें चल रही हैं। उन्होंने कोयले की आपूर्ति में सहयोग के लिए झारखंड सरकार का आभार भी जताया।