...तो कांग्रेस संगठन में होगा बडा फेरबदल
विधायक संगठन के दायित्व से होंगे मुक्त, चुनावी तैयारी करेंगे
भोपाल। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस में संगठन स्तर पर परिवर्तन किया जाएगा। जिला और ब्लाक अध्यक्ष बदले जाएंगे। विधायकों को संगठन के दायित्व से मुक्त करके चुनाव की तैयारी में लगाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने इसके लिए संगठन पदाधिकारियों को तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। विधायक राकेश मावई, झूमा सोलंकी और फुंदेलाल मार्को पहले ही जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जिला प्रभारी और सह प्रभारियों से जिला और ब्लाक इकाइयों के कामकाज का प्रतिवेदन ले चुके हैं। प्रदेश संगठन इसका परीक्षण करवा रहा है, जिसके आधार पर प्रतिवेदन तैयार होगा। संगठन के प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर का कहना है कि प्रदेश, जिला और ब्लाक स्तर पर परिवर्तन प्रस्तावित है। कुछ विधायकों ने चुनाव की तैयारियों के लिए संगठन के दायित्व से मुक्त होने की इच्छा जताई है। प्रदेश अध्यक्ष भी इससे सहमत हैं कि विधायक और चुनाव लडऩे वाले पदाधिकारियों को क्षेत्र में चुनाव की तैयारी करने के लिए अन्य दायित्वों से मुक्त किया जाए।
इसे ध्यान में रखते हुए विधायक तरुण भनोत और कमलेश्वर पटेल को छोड़कर किसी को जिला प्रभारी नहीं बनाया गया था। अभी सभी भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में व्यस्त हैं। तीन दिसंबर को आगर मालवा होते हुए यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। इसके बाद संगठन स्तर पर परिवर्तन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उधर, सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी की मीडिया टीम में भी नए पदाधिकारी बनाए जाएंगे, वहीं कुछ को दायित्व मुक्त भी किया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com

