जिला निर्वाचन अधिकारी ने 17 मतदाता जागरूकता रथों को दिखाई हरी झण्डी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने 17 मतदाता जागरूकता रथों को दिखाई हरी झण्डी

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने महात्मा गाँधी सोशल साइंस इंस्टीट्यूट से 17 मतदाता जागरूकता रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर शहर परिक्षेत्र की आठ विधानसभाओं हवामहल, आदर्श नगर, सांगानेर, बगरू, किशनपोल, विद्याधर नगर व सिविल लाइन्स के मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत 17 मतदाता जागरूकता एलईडी रथों को रवाना किया गया है। ये रथ उक्त विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आम मतदाताओं को उनके मत के महता, ईवीएम से होने वाली चुनाव प्रक्रिया के साथ-साथ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए नगरीय निकाय चुनाव के मतदान कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।

उन्होंने इस दौरान सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बगैर किसी भय, प्रलोभन के शत-प्रतिशत मतदान कर चुनाव की स्वतंत्र, निष्पक्ष प्रक्रिया में भाग लेकर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने में जिला निर्वाचन कार्यालय का सहयोग करें।

इस दौरान सीईओ जिला परिषद व स्वीप प्रभारी शुभम भाईसारे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय व चुनाव प्रशिक्षण प्रभारी देवयानी, जिला परिषद के एसीईओ बृजमोहन गुप्ता तथा जयपुर जिला स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।