सागर में जेठ-बहू में होगा मुकाबला, भाजपा ने जेठ तो कांग्रेस ने बहू को दिया टिकट

सागर में जेठ-बहू में होगा मुकाबला, भाजपा ने जेठ तो कांग्रेस ने बहू को दिया टिकट

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार देर रात अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें सागर जिले की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इसमें कांग्रेस ने चारों सीटों पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। रोचक बात यह है कि सागर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र जैन के सामने कांग्रेस ने उनकी बहू निधि जैन को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन भाजपा के प्रत्याशी शैलेंद्र जैन के छोटे भाई सुनील जैन की पत्नी हैं। वे इससे पहले सागर में हुए महापौर का चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होंने महापौर के मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी संगीता सुशील तिवारी को कड़ी टक्कर दी थी। वहीं निधि जैन के पति सुनील जैन भी सागर जिले की देवरी विस क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं।

गोपाल भार्गव के सामने ज्योति पटेल
रहली विस क्षेत्र से भी कांग्रेस ने अपनी प्रत्याशी घोषित कर दिया है। यहां आठ बार से विधायक बनते आ रहे गोपाल भार्गव के खिलाफ ज्योति पटेल को मैदान में उतारा गया है। ज्योति पटेल दो बार से जिला पंचायत सदस्य हैं। वे लगातार गोपाल भार्गव के खिलाफ मोर्चा खोले रहती हैं। ज्योति की पिता स्व. पल्टूराम पटेल रहली कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष रहे हैं। यहां कांग्रेस नेता कमलेश साहू अपनी दावेदारी जता रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने ज्योति पटेल को प्रत्याशी घोषित कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।

भूपेंद्र सिंह के खिलाफ रक्षा राजपूत होंगी प्रत्याशी
खुरई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने भाजपा के कद्दावर नेता भूपेंद्र सिंह के खिलाफ रक्षा राजपूत को मैदान में उतारा है। खुरई से ऐसा माना जा रहा था कि कांग्रेस में वापसी करने वाले पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे को कांग्रेस अपना प्रत्याशी बनाएगी। वहीं ललितपुर के गुड्डू राजा बुंदेला की खुरई क्षेत्र में सक्रियता के चलते यहां से प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही थीं, लेकिन कांग्रेस ने रक्षा राजपूत को प्रत्याशी बनाया है। रक्षा राजपूत लगातार मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं। नगरीय निकाय चुनाव ने उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह पर मालथौन नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को प्रताडि़त किए जाने का आरोप लगाए थे। रक्षा का आरोप था निकाय चुनाव में मालथौन में उसको और उसके परिवार और प्रस्तावक आदि को प्रताडि़त किया जा रहा है। उनको प्रचार प्रसार तक नही करने दिया जा रहा है। प्रस्तावक पर दवाब डालकर झूठा मुकदमा 420 का दर्ज कराया गया।

बीना से निर्मला सप्रे का नाम तय
बीना विस क्षेत्र से कांग्रेस ने निर्मला सप्रे का नाम घोषित किया है। वहीं भाजपा यहां से अपना प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। बीना में भाजपा के महेश राय दो बार से विधायक हैं। वे पिछला चुनाव कम मतों से जीते थे।

भाजपा से एक भी महिला प्रत्याशी नहीं
भाजपा अब तक सागर जिले की सात विस क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है, लेकिन इसमें एक भी महिला प्रत्याशी का नाम नहीं है। वहीं कांग्रेस ने सभी आठों विधानसभा क्षेत्र में नाम तय किए। इनमें से चार रहली, खुरई, सागर व बीना से महिला प्रत्याशी को टिकट दिया गया। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा बीना विस क्षेत्र से निर्मला सप्रे के खिलाफ महिला प्रत्याशी को मैदान में उतार सकती है।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट