रोजगार उत्सव का वर्चुवल समारोह आयोजित, जिले में 489 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 से 14 साल तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का अजमेर से किया शुभारंभ
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कायड़ विश्राम स्थली अजमेर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सवाई माधोपुर के रामसिंहपुरा स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय के ऑडिटोरियम में किया गया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नवचयनित अभ्यर्थियों द्वारा प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। जिले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं में चयनित कुल 489 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें राजस्व विभाग के 78 पटवारी, मनरेगा ग्रामीण विकास विभाग के 57 कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं लेखा सहायक, पशुपालन विभाग के 54 पशुधन सहायक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 157 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तथा राजमेस के अंतर्गत 124 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।
जिला कलक्टर ने नवचयनित अभ्यर्थियों को राजकीय सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि नव नियुक्त कार्मिक प्रशासन और सरकार की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने सभी से संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने सवाई माधोपुर के भाड़ौती सहित करनू, मांडा, बम्बलू एवं बालेसर में 220 केवी जीएसएस व संबंधित लाईनों के निर्माण के लिए 993.96 करोड़ रुपये के 5 कार्यो और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी किया। इस दौरान सवाई माधोपुर में 111 करोड़ रुपये की लागत के नेशनल हाईवे-552 कुस्तला-सवाई माधोपुर सेक्शन के फॉर लेन कार्यो का शिलान्यास किया गया।
bhavtarini.com@gmail.com

