हम अपनी उपलब्धियों को मुद्दा नहीं बना पाए: योगी आदित्यनाथ

हमें सोशल मीडिया पर नजर रखनी होगी, कार्यकर्ता बैकफुट पर न आएं
लखनऊ। पहले लोकसभा और अब विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज लखनऊ के डॉ। राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में हुई। बैठक में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल हुए।
सफल हुई विपक्ष की साजिश, हमें सावधान रहने की जरूरत
बैठक को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमें सोशल मीडिया पर नजर रखनी होगी। हमारे विरोधी साजिश करने में सफल हुए। इन्हें हमने 2019 में हराया था। हम अपनी उपलब्धियों को मुद्दा नहीं बना पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको बैकफुट में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि अति आत्मविश्वास और वोटों की शिफ्टिंग के कारण कहीं न कहीं चोट जरूर पहुंची है।
गिनाई उपलब्धियां
योगी ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षित माहौल है, हमने कार्यकर्ताओं की मदद से यूपी को माफिया मुक्त किया है। 500 साल बाद हमने राम मंदिर का निर्माण किया। पहले मोहर्रम में ताजिया के नाम पर घरों को तोड़ा जाता था, हमने जाति और मजहब के नाम पर कोई भेदभाव नहीं किया।
बोले नडडा—कार्यकर्ता ही पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक में कहा कि हमको ये बात समझनी चाहिए कि हमारे कंधों पर जो जिम्मेवारी मौसमी नहीं है। भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार हमको समर्थन दिया और तीसरी बार लगातार हमारी सरकार बनी है। इसका मतलब यह है कि उसने एक विशेष कार्य के लिए यह जनादेश दिया है। हम पूरे भारत में राजनीति करते हैं। देश का कोई ऐसा कोना नहीं है जहां भाजपा की उपस्थित ना हो। भाजपा की इस स्थित में अपने कार्यकर्ताओं के दम पर यहां पहुंची है। कार्यकर्ता पार्टी के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।
सपा और कांग्रेस ने जनता को गुमराह किया: भूपेंद्र चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस और सपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने जनता को जाति और धर्म में फंसाकर गुमराह किया। अल्पसंख्यक लोगों को नए एजेंडे में फंसाकर उनका वोट लिया। हमारे लिए चुनौती है कि हम उनको बेनकाब करें। हमें सर्वसमाज को लेकर आगे बढ़ना है।