AUS vs IND: टीम इंडिया के सामने 'विराट चुनौती', मेलबर्न टेस्ट में कौन होगा ओपनर

AUS vs IND: टीम इंडिया के सामने 'विराट चुनौती', मेलबर्न टेस्ट में कौन होगा ओपनर

 
नई दिल्ली

यह पहला मौका था जब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किसी टेस्ट सीरीज के पहले ही मैच में जीत हासिल की। इससे उम्मीद बंधी कि ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत के दावे को पर्थ में और पुख्ता करेगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं, ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज में बराबरी हासिल कर ली। दोनों ही मैचों में भारतीय ओपनर्स मुरली विजय और केएल राहुल का योगदान चिंताजनक रहा है। 

सीरीज में राहुल-विजय का प्रदर्शन
- 3 रन पहले टेस्ट की पहली पारी में और 63 रन की साझेदारी दूसरी पारी में निभाई थी दोनों ने 
- 6 रन दूसरे टेस्ट की पहली पारी में जबकि दूसरी पारी में 0 रन की हुई थी पार्टनरशिप 
- 48 रन राहुल ने अब तक बनाए हैं दो मैचों में जिसमें 44 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है 
- 49 रन दो टेस्ट मैचों में विजय ने बनाए हैं जिसमें 20 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है 
 
तीसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न ग्राउंड पर शुरू होगा। भारतीय कप्तान विराट कोहली शायद ही अब इन दोनों पर भरोसा कर उन्हें एक बार फिर ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपें। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को सीरीज जीतने के लिए ओपनिंग की पहेली ढूंढनी होगी। उनके सामने क्या ऑप्शन हो सकते हैं, डालते हैं एक नजर... 

1. मयंक और मुरली
मयंक अग्रवाल को चोटिल पृथ्वी साव के बाहर होने के बाद आनन-फानन में ऑस्ट्रेलिया भेजा गया है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे। मुरली और राहुल के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद संभावना है कि उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिल जाए। उन्हें मुरली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि मुरली का आत्मविश्वास अभी डिगा हुआ है। ऐसे में मयंक के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं होगी। 
 
2. मुरली और रोहित
एक ऑप्शन यह भी हो सकता है कि रोहित शर्मा को प्रमोट कर उन्हें विजय के साथ ओपनिंग के लिए भेजा जाए। रोहित को ऑस्ट्रेलिया की उछाल रास आएगी जिस पर वह शुरुआत में शॉट खेल सकते हैं। ऐडिलेड में पहले टेस्ट में वह खेले जहां उन्होंने छठे नंबर पर तेज शुरुआत की और 37 रन की अपनी पारी में तीन सिक्स लगाए थे। हालांकि रोहित को फिर से प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की स्थिति में हनुमा विहारी को बाहर बिठाना पड़ सकता है। 
 
3. मुरली और पार्थिव
पार्थिव पटेल इस साल साउथ अफ्रीका दौरे पर भी दो टेस्ट मैचों में टीम का हिस्सा रहे। जहां तक ओपनिंग की बात है तो उन्होंने पांच मैचों में ओपनिंग की है और इसी पोजिशन पर उनका ऐवरेज भी सबसे अच्छा 53 का रहा है। अपना सर्वोच्च स्कोर 71 रन भी पार्थिव ने बतौर ओपनर ही बनाए हैं। उनकी और मुरली की लेफ्ट-राइट जम सकती है। हालांकि पार्थिव के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने से ऋषभ पंत को बाहर बैठना पड़ सकता है।