28 को भाजपा की होगी अहम बैठक, चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा

दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा की 28 जुलाई को एक विस्तारित एवं अहम बैठक रखी गई है. बैठक में बीजेपी संगठन की ओर से दिए गए कार्यों की यथास्थिति और अब तक हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी. साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे. बता दें कि चुनावी तैयारियों के तहत बीजेपी प्रदेश से लेकर जिला तक और मंडल से लेकर शक्ति केंद्रों तक की बैठक कर चुकी है. निचले स्तर पर हुई हजारों बैठकों से पार्टी को मिले निष्कर्ष पर भी आला नेता चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार करेंगे. गौरतलब हैं कि बैठक राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह लेंगे. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, सभी मंत्री-सांसद और जिले से लेकर प्रदेशभर के पदाधिकारी शामिल होंगे. यह बैठक शनिवार की सुबह 11 बजे से बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रखी गई है. भाजपा प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है.