मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति से मिलावटखोरों पर कसता शिकंजा
दूध, घी, खाद्य तेल, मसाले, मिठाइयों जैसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता हो रही सुनिश्चित
त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ हुई सख्त कार्रवाई
8.99 लाख किलो से अधिक मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त
2.77 लाख किलो नष्ट और 9.25 करोड़ का जुर्माना
12 हजार से अधिक निरीक्षण, 2 हजार 892 प्रकरणों में चालान प्रस्तुत
शुद्ध आहार और निरामय राजस्थान का संकल्प हो रहा साकार
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति से मिलावटखोरों पर निरंतर शिकंजा कसा जा रहा है। प्रदेशभर में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान सफलतापूर्वक संचालित कर मिलावट के कारोबार पर सर्जिकल स्ट्राइक जारी है। त्यौहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों का लक्ष्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाना है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के अंतर्गत सघन निरीक्षण, प्रवर्तन नमूनीकरण, न्यायालयों में प्रकरण प्रस्तुत करने के साथ ही जुर्माना अधिरोपित कर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर रहा है। वर्ष 2026 में सितंबर माह तक विभाग ने 12 हजार 27 निरीक्षण किए और 12 हजार 64 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। साथ ही, 2 हजार 892 चालान प्रस्तुत किए हैं और 9 करोड़ 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
अभियान के अंतर्गत दूध, घी, खाद्य तेल, मसाले, आटा, बेसन, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 8.99 लाख किलोग्राम/लीटर से अधिक खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। वहीं, 2.77 लाख किलोग्राम/लीटर से अधिक खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए हैं। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ खाद्य कारोबारियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और उपभोक्ताओं में सुरक्षित खाद्य पदार्थों के चयन की समझ विकसित करना भी है।
41 जिलों में कार्रवाई, सात लाख से अधिक कैन जब्त
खाद्य पदार्थों की लेबलिंग और विपणन से संबंधित नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए कैफीनयुक्त पेय पदार्थों, विशेषकर ‘एनर्जी ड्रिंक’ और ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ के नाम से विपणन किए जाने वाले उत्पादों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई है। अभियान के अंतर्गत 41 जिलों में सात लाख से अधिक कैन और 64 हजार 580 बोतलें जब्त की गई हैं।
47,878 हितधारकों का प्रशिक्षण वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज
खाद्य कारोबारियों और अन्य हितधारकों को प्रशिक्षित करना सुरक्षित खाद्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसी दिशा में प्रदेश में फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन कार्यक्रम के तहत 47 हजार 878 हितधारकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस उपलब्धि को लंदन के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा मान्यता प्रदान की गई।
‘ईट राइट स्कूल’ अभियान-निर्धारित लक्ष्य का 435 प्रतिशत हासिल
बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में 100 स्कूलों के लक्ष्य के विरुद्ध 435 स्कूलों को प्रमाणित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 435 प्रतिशत है। इसी अवधि में 3 हजार 477 स्कूलों का पंजीकरण किया गया। सात लाख से अधिक विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा, पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और गैर-संचारी रोगों से संबंधित विषयों पर जागरूक किया गया है। वहीं, इस पहल के तहत 10 हजार स्कूलों को जोड़ने का मिशन भी शुरू किया है।
‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ से जांच और जागरूकता का विस्तार
विभाग द्वारा प्रदेश में खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के नेटवर्क को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। जयपुर सहित विभिन्न जिलों में ये प्रयोगशालाएं खाद्य नमूनों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा संबंधी जांच और जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए 34 ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। विभाग नए और बड़े जिलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 16 अतिरिक्त मोबाइल फूड टेस्टिंग वाहनों पर भी कार्य कर रहा है।
bhavtarini.com@gmail.com
