गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया गौ पूजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की कामना

गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया गौ पूजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की कामना

संतों का लिया आशीर्वाद, आमजन से किया आत्मीय संवाद

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को जयपुर के सांगानेर स्थित पिंजरापोल गोशाला तथा जोतड़ावाला स्थित बाबा संत रामकरणदास जी महाराज एवं गुरुदेव संत परमसुखदास जी महाराज आश्रम गोशाला पहुंचकर सपत्नीक गौ माता का विधि-विधान से पूजन किया। मुख्यमंत्री ने गौ माता को गुड़ एवं रोटी खिलाई तथा आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने पिंजरापोल गोशाला में भगवान श्रीकृष्ण एवं प्रतीकात्मक गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने जोतड़ावाला स्थित आश्रम में संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही, राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन का श्रवण भी किया।

इस दौरान आमजन ने मुख्यमंत्री का माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उन्हें गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दीं।