ठंड से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर
जल्द सर्वे पूरा करने अधिकारीयों को दिया निर्देश
Syed Javed Ali
मण्डला - कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया ने जिले में ठंड के कारण हुए फसलों के नुकसान को देखने दौरा किया। उन्होंने बक्छेरदौना के मल्लू लाल धुर्वे के खेत पहुंचकर तुअर की फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया। श्री जटिया ने उपस्थित अधिकारियों को अपने मैदानी अमले के द्वारा शीघ्र निरीक्षण एवं सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नुकसान हुए फसलों की रकबेवार एवं नामवार सूची बनाने के निर्देश दिए।

श्री जटिया ने मैकू नंदा के खेत में टमाटर की फसल, देवरी के पोहप सिंह की सेमी एवं टमाटर की फसल को पहुंची नुकसान को देखा तथा इस संबंध में अधिकारियों को तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लिंगापाैंड़ी के किसान गोपाल की फसल को हुए नुकसान पर बात करते हुए कहा कि सभी किसानों को क्षतिग्रस्त फसल का मुआवजा नियमानुसार अवश्य प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिंगारपुर सड़क मार्ग के विभिन्न गांवों में हुए फसल नुकसान पर ग्रामीणों से बातचीत भी की। उन्होंने सिंगारपुर के संदीप लोहान, रयगांव के ललित गम्भीर एवं आशीष गम्भीर के खेत की मिर्च, टमाटर की फसल को हुए नुकसान का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को पटवारियों के माध्यम से सर्वे कार्य को शीघ्रातिशीघ्र पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।