कलेक्टर ने किया करियागांव, लफरा एवं दिवारा का दौरा
क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पटटा भी थे मौजूद
Syed Javed Ali
मण्डला - कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया ने बिछिया अनुभाग के अंतर्गत ग्राम करियागांव, लफरा एवं दिवारा का दौरा किया। उन्होंने लोगों से मिलकर उनकी समस्याऐं विस्तार से जानी। कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरान गांवों में प्रधानमंत्री आवास के अंतर्गत क्रियान्वयन स्थिति प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के पात्र हितग्राहियों को शासन स्तर से मदद देने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। श्री जटिया ने गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने पुलिया निर्माण तथा सड़क निर्माण के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। श्री जटिया ने पीडब्ल्यूडी को एसडीएम बिछिया के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों के चौंड़ीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने गांवों में शौचालय निर्माण की स्थिति जानी तथा ग्रामवार हितग्राहियों की संख्या एवं आवंटित राशि किस्तों के बारे में अधिकारियों से सवाल पूछे। श्री जटिया ने ग्रामीणों द्वारा सचिवों की शिकायतों पर नाराजगी जताई एवं लापरवाह सचिवों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए।
जनता की समस्याओं का होगा निराकरण - विधायक पटटा
कलेक्टर के बिछिया अनुभाग के दौरा कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विधायक नारायण सिंह पटटा भी उपस्थित थे। उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। इस दौरान विधायक श्री पटटा ने उपस्थित लोगों ने प्रशासन एवं शासन से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने निर्माण कार्य, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास तथा अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि शासन स्तर पर विकास कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराया जाये। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं और मांगो का निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने लफरा की नल-जल योजना भी शीघ्र पूरा करने की बात कही। इस अवसर पर एसडीएम बिछिया जितेन्द्र पटैल, ईईपीडब्ल्यूडी जीपी पटले, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।