सहकारी संस्थाओं हुए घोटाले को लेकर भाजपा सरकार को लिया आड़े हाथों
कहा घोटाला करने वाली सहकारी संस्थाओं को किया जाए भंग
brijesh parmar
उज्जैन। गुप्त नवरात्रि के पहले दिन देवी हरसिध्दि के दर्शन करने उज्जैन पहुँचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने रतलाम और बड़वानी में हुई हत्याओं को लेकर धरना देकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को आड़े हाथों लिया है। उनके मुताबिक अब जब ये साफ हो गया है कि इन हत्याओं को भाजपाईयों ने ही अंजाम दिया है तो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान क्यों चुप है। अब क्यों धरना नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि सत्ता जाने के बाद भाजपाई पैसों के हिसाब किताब के लिए झगड़ रहे हैं और एक दूसरे की जान के दुश्मन बनकर खूनखराबा कर रहे हैं। उन्होंने कहा की प्रदेश में बड़े स्तर पर सहकारिता संस्थाओं में घोटाला हुआ है आश्चर्य की बात है एक एक सहकारिता संस्था में करोड़ों रुपए के घोटाले हुए हैं। ऐसी संस्थाओं को तुरंत भंग कर देना चाहिए उज्जैन में ही ऐसी दो संस्थाएं चिन्हित हुई हैं जिनमें करोड़ों के घोटाले हुए हैं।

श्री सिंह ने उज्जैन में नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला में रोजाना गायें मरने की घटना पर उन्होंने दुख जताया और कहा कि महापौर को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। वे इस मामले में नगर निगम आयुक्त को निर्देशित करवाएंगे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में घोटाले की भी जांच करवाई जाएगी। दिग्गी राजा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस बयान को भी कोई तवज्जो नहीं दी जिसमें उन्होंने प्रदेश में बनी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को लूली लंगडी सरकार बोला था। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी प्रियंका गांधी के आने से कांग्रेस में नई ऊर्जा आई है।लोकसभा चुनाव में संगठन उन्हें जो जिम्मेदारी देगा उसे वे निभाएंगे।
इस दौरान विधायक महेश परमार और जिला पंचायत अध्यक्ष करण कुमारिया, नगर निगम में नेता विपक्ष राजेंद्र वशिष्ठ उनके साथ थे।श्री दिग्विजय सिंह माघ मास की गुप्त नवरात्रि के पहले दिन देवी हरसिद्धि के दर्शन और पूजन करने के लिए उज्जैन पहुंचे थे। शाम 7 बजे उज्जैन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह का कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। हालांकि प्रभारी मंत्री सज्जन वर्मा के उज्जैन आने पर सर्किट हाउस पर बनी अव्यवस्था की स्थिति से सबक लेते हुए और कांग्रेसियों के जोश और हुजूम को देखते हुए इस बार सर्किट हाउस पर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बेहतर व्यवस्था बनाने की कोशिश की थी ताकि उनके स्वागत की होड़ में धक्कामुक्की न हो और अव्यवस्था की स्थिति न बने।दिग्गी राजा के सर्किट हाउस पहुंचने पर धक्कामुक्की न हो और किसी को उनसे मिलने में परेशानी न हो इसलिये बाहर लॉन में कांग्रेसी के लिए मिलने की व्यवस्था की गई थी जबकि सर्किट हाउस के प्रथम तल पर अलग से मीडिया से बात कराने की व्यवस्था की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल,पूर्व विधायक डॉ बटुकशंकर जोशी, रवि भदौरिया, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भरत पोरवाल,अजीत सिंह ठाकुर आदि ने सर्किट हाउस पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का स्वागत किया। संभागायुक्त अजीत कुमार, आईजी राकेश गुप्ता,कलेक्टर शशांक मिश्रा, एसपी सचिन अतुलकर, एडिशनल एसपी नीरज पांडेय सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।