नौगांव, अलीपुरा कस्बा के रहने वाले एक किसान को अपनी खेती की जमीन तक पहुंचने के लिए रास्ता हासिल करने तहसील के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। रास्ता न मिलने से चाहकर भी किसान ट्रेक्टर से खेती की जुताई नहीं कर पा रहा। तहसीलदार ने भले ही रास्ता दिलाने का आदेश पटवारी को देते हुए पुलिस को सहयोग करने लिखा था लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। राजनैतिक संरक्षण के कारण दूसरा पक्ष किसान को रास्ता देने से मना कर रहा है।
कृषि भूमि स्वामी कमला देवी पत्नि भगवत कुशवाहा ने बताया कि अलीपुरा मौजा में खसरा नंबर 423,424/1 ,482,484/1 पर आने जाने का रास्ता दूसरे पक्ष के खसरा नंबर 498,499,500,501,502,503,487 की मेड़ से है लेकिन जिस पक्ष से रास्ता मिलना है वह आपत्ति लगाये था। साल 2013 जनवरी माह में यह मामला तहसील पहुंचा। तहसीलदार के न्यायालय द्वारा 27 फरवरी 2020 को कमला देवी के पक्ष में फैसला दिया गया और रास्ता दिलाने के लिये हल्का पटवारी अलीपुरा को 4 जून 20 को प्रतिवेदन भी लिखा उसके बाद भी कमला देवी को रास्ता नहीं मिला। मौके पर विवाद की स्थिति होने को लेकर किसान को रास्ता नहीं मिल रहा है जबकि तहसीलदार न्यायालय के द्वारा थाना पुलिस को रास्ता दिलाने के लिये प्रतिवेदन लिखा गया था।
इनका कहना -
किसान और उसकी पत्नि मेरे पास दोबारा आये थे कि उनको रास्ता नहीं मिला है जल्द ही उनको रास्ता दिलाया जायेगा।
वीपी सिंह तहसीलदार नौगांव