पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता से करने इलेक्शन ड्यूटी - कलेक्टर अनय द्विवेदी
मतदान और मतदान के पूर्व की अंतिम तैयारियों पर हुई बिन्दुवार चर्चा
Syed Sikandar Ali
मण्डला - चुनाव प्रचार थमने के बाद मतदान की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन के लिए निर्धारित अपनी ड्यूटी का पर्याप्त होमवर्क कर लें। मूल आदेश प्राप्ति, सामग्री प्राप्ति तथा रवानगी के बाद अपनी टीम के सभी सदस्यों के मोबाईल नम्बर, जरूरी सामान तथा समन्वय बनाते हुए मतदान सम्पन्न कराना है। मतदान के पूर्व का यह समय हमारे लिए महत्वपूर्णं है जिसमें अब तक विभिन्न गतिविधियों के लिए प्राप्त प्रशिक्षण का अब प्रायोगिक समय है। मतदान के दौरान दल के सभी सदस्य आपसी समन्वय, संवेदनषीलता तथा मुस्तैदी से कार्य करेंगे। उक्त बात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनय द्विवेदी ने 26 नवम्बर को रात्रि में योजना भवन में आयोजित महत्वपूर्णं बैठक में कही। बैठक मतदान के दिवस के दिन होने वाले विभिन्न गतिविधियों के महत्वपूर्णं बिंदुओं पर अंतिम रूप से निर्देश देने के लिए आयोजित की गई थी।
सेक्टर ऑफिसर सबसे महत्वपूर्णं अधिकारी, आवश्यक होने पर मजिस्ट्रियल पावर का उपयोग कर सकेंगे -
कलेक्टर अनय द्विवेदी ने बैठक के दौरान सेक्टर ऑफिसरों को महत्वपूर्णं 40 बिन्दुओं पर विस्तार से निर्देश दिया। उन्होंने सेक्टर ऑफिसरों को मतदान प्रक्रिया के दौरान सबसे महत्वपूर्णं अधिकारी बताया। सेक्टर ऑफिसर अपने सभी मतदान केन्द्रों के सभी मतदान दलों के सदस्य एवं सुरक्षा बलों के साथ हमेशा संपर्क में रहेगा। सेक्टर ऑफिसर अपने मतदान केन्द्रों के आसपास ऐसी स्थिति में रहेगा जिससे अधिक से अधिक मतदान केन्द्र तक पहुंच संभव हो। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या इसकी संभावना को देखते हुए सेक्टर ऑफिसरों को निर्वाचन आयोग से प्राप्त मजिस्ट्रियल पावर का उपयोग करने का अधिकार है।
मतदान का पहला घण्टा महत्वपूर्णं रहेगा -
कलेक्टर ने मतदान दलों के सदस्यों को ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट की आधारभूत और प्रायोगिक जानकारी देते हुए बताया कि मतदान प्रारंभ होने के बाद पहला घण्टा सर्वाधिक महत्वपूर्णं रहेगा। मतदान शुरू होने के पहले सभी जरूरी व्यवस्थाऐं सुनिश्चित कर लें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने सहयोगी तथा आवश्यक होने पर तुरंत अपने सेक्टर ऑफिसर से संपर्क किया जाए। पहले घण्टे के दौरान सभी सेक्टर ऑफिसर अपने मतदान केन्द्रों तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले लेंगे। कलेक्टर अनय द्विवेदी ने बैठक में मतदान के दौरान होने वाली छोटी से छोटी बातों पर चर्चा की। उन्होंने मतदान दल के सदस्यों को वास्तविक वोटिंग शुरू होने के पहले ईव्हीएम तथा व्हीव्हीपेट की अच्छी तरह जांच कर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने ईव्हीएम तथा व्हीव्हीपेट मशीन की सुरक्षा तथा उनके रखरखाव पर विशेष रूप से सावधानी बरतने की बात कही।
मत प्रतिशत ऐप पर हर घण्टे की वोटिंग जानकारी भरी जाएगी -
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान दलों को केन्द्रों में पहुंचकर सबसे पहले मोबाईल नेटवर्क की स्थिति पता करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों को बताया कि प्रतिघण्टे होने वाली वोटिंग की जानकारी निर्वाचन आयोग के मत प्रतिशत मोबाईल ऐप पर दी जाएगी। इसके लिए मतदान दल मत प्रतिशत ऐप को डाउनलोड कर समझ लें।
गड़बड़ी पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें, व्यवहार संयमित रखें -
कलेक्टर ने मतदान दलों को मतदान के दौरान बाहरी व्यक्तियों के दिखाई देने पर तत्काल बाहर निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति में सुरक्षा बलों की तत्काल सहायता लेकर कार्यवाही करें। श्री द्विवेदी ने ड्यूटी करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को मतदान के दौरान अपने व्यवहार को संयमित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि दिव्यांग, वृद्धजन तथा गर्भवती महिलाओं के लिए वोटिंग के दौरान लाईन में लगना आवश्यक नहीं है।
100-200 मीटर की परिधी के निर्देशों का कड़ाई से पालन होगा, मोबाईल फोन प्रतिबंधित -
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केन्द्रां के लिए 100 से 200 मीटर के दायरे के दिशा-निर्देशों का पूरी कड़ाई के साथ पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया इस परिधी में कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा। 100 मीटर के अंदर मोबाईल पूर्णंतः वर्जित रहेगा। इस परिधी में मोबाईल फोन रखने वाले व्यक्ति से आयोग के निर्देश के पालन में सहयोग नहीं मिलने पर तत्काल मोबाईल फोन जब्त कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने बैठक मंे बताया कि 3 बजे के बाद कोई भी पोलिंग एजेंट मतदान केन्द्र के बाहर नहीं जा सकेगा। प्रत्येक मतदान केन्द्रों में केवल एक ही पोलिंग एजेंट रह सकेगा। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के पूर्व पोलिंग एजेंट की दस्तावेजी जांच तथा उसके मोबाईल फोन का परीक्षण कर लेने के निर्देश दिऐ। बैठक में सामान्य प्रेक्षक डॉ. बीडीआर तिवारी, केएम भीमजियानी, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अपर कलेक्टर एमके ठाकुर, तीनों विधानसभाओं के रिटर्निंग ऑफिसर, सेक्टर ऑफिसर, सेक्टर मोबाईल पुलिस अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।