कमलनाथ की दो टूक, बूथ हारे तो सीएम हाउस बंद हो जाएगी एंट्री

कमलनाथ की दो टूक, बूथ हारे तो सीएम हाउस बंद हो जाएगी एंट्री
भोपाल। लोकसभा चुनाव के मिशन में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश भर के पदाधिकारियों के साथ ही विधायकों और क्षेत्र के नेताओं की टेंशन बढ़ा दी है। कमलनाथ ने 16 लोकसभा क्षेत्र से आने वाले प्रदेश-जिला पदाधिकारी, विधायक और नेताओं को दो टूक शब्दों में कहा है कि अपना पोलिंग बूथ हारे तो उनके नाम की सूची सीएम हाउस पर चिपका दी जाएगी और उनकी एंट्री सीएम हाउस में बंद हो जाएगी। इसी के साथ उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि ऐसे नेताओं की पार्टी और जिले के पदों से भी छुट्टी कर दी जाएगी। कमलनाथ ने पहले चरण में जिन क्षेत्रों के नेताओं और पदाधिकारियों से बैठक की है, उस क्षेत्र की वे पूरी रिपोर्ट साथ लेकर बैठे थे। उन्हें उस क्षेत्र की गुटबाजी की पूरी जानकारी थी। इसके चलते उन्होंने अधिकांश क्षेत्रों की बैठक में स्पष्ट कर दिया कि इस बार गुटबाजी भोपाल से दिल्ली तक बर्दाश्त नहीं होगी। सीधी काम में जुटो कमलनाथ ने इन सभी क्षेत्रों के नेताओं को यह भी साफ कर दिया कि वे यह किसी से नहीं सुनेंगे कि उम्मीदवार ने संपर्क नहीं किया। उन्होंने फोन नहीं किया, इसलिए वे काम नहीं कर रहे। उम्मीदवार कांग्रेस का है, कांग्रेस के लिए काम करना हो तो उम्मीदवार के संपर्क और टेलीफोन का इंतजार मत करना। सीधे काम में जुट जाना।